नगर के वार्ड क्रमांक 11 में नवीन सीसी रोड का कार्य हुआं प्रारंभ
सैलाना- (एमपी की खबर) नगर के वार्ड क्रमांक 11 में वर्षों से जर्जर मार्ग की समस्या से जूझ रहे नागरिकों को अब राहत मिलने की उम्मीद जगी है। शनिवार को नगर परिषद द्वारा सीसी रोड निर्माण कार्य का विधिवत शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर नगर परिषद अध्यक्ष चैतन्य शुक्ला एवं वार्ड पार्षद पुष्पा ईश्वरलाल राठौड़ की मौजूदगी में पूजा-अर्चना कर विधि-विधान के साथ निर्माण कार्य प्रारंभ कराया गया।
करीब 6 लाख 16 हजार रुपए की लागत से बनने वाले इस सीसी रोड के निर्माण से वार्डवासियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। लंबे समय से मार्ग जर्जर होने के कारण स्थानीय नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। बारिश के दिनों में स्थिति और अधिक खराब हो जाती थी, जिससे राहगीरों एवं वाहन चालकों को आवागमन में दिक्कतें आती थीं। निर्माण कार्य शुरू होने पर वार्ड के नागरिकों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए नगर परिषद का आभार जताया। स्थानीय लोगों का कहना है कि सीसी रोड बनने से न केवल आवागमन सुगम होगा, बल्कि क्षेत्र की सड़क व्यवस्था में भी सुधार आएगा।
इस दौरान नगर परिषद अध्यक्ष चैतन्य शुक्ला ने कहा कि नगर के विभिन्न वार्डों में आवश्यकतानुसार विकास एवं निर्माण कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है। वार्ड क्रमांक 11 में लंबे समय से जर्जर मार्ग की समस्या को देखते हुए सीसी रोड निर्माण कराया जा रहा है, जिसका लाभ सीधे क्षेत्रवासियों को मिलेगा। वार्ड पार्षद पुष्पा ईश्वरलाल राठौड़ ने भी निर्माण कार्य प्रारंभ होने पर खुशी जताई और कहा कि क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग अब पूरी होने जा रही है। उन्होंने उम्मीद जताई कि निर्माण कार्य निर्धारित गुणवत्ता के साथ समय पर पूरा होगा।
सीसी रोड निर्माण शुरू होने से वार्डवासियों में उत्साह का माहौल है और लोगों को उम्मीद है कि सड़क बनने के बाद क्षेत्र में आवागमन की समस्या काफी हद तक दूर हो जाएगी।




