सैलाना रा गरबा में उमड़ा महिलाओं का सैलाब, 1200 महिलाओं एवं बच्चियों की सहभागिता से छोटा पड़ा पंडाल
सैलाना रा गरबा में उमड़ा महिलाओं का सैलाब, 1200 महिलाओं एवं बच्चियों की सहभागिता से छोटा पड़ा पंडाल
कन्या पूजन एवं माँ दुर्गा की आरती के साथ हुआ शुभारंभ, बांसवाड़ा के गायक शुभम कंसारा ने गरबा गायन से मोहा मन; विजेताओं को ₹5,100-₹5,100 की नगद पुरस्कार राशि से किया सम्मानित
रतलाम- (एमपी की खबर) सैलाना नगर में अनुकूल सोनी मित्र मंडल द्वारा आयोजित भव्य सांस्कृतिक आयोजन सैलाना रा गरबा उत्साह, उमंग एवं भक्तिमय वातावरण में संपन्न हुआ। आयोजन में गरबा खेलने के लिए महिलाओं एवं बच्चियों का ऐसा सैलाब उमड़ा कि प्रतिभागियों की भारी संख्या के सामने पंडाल भी छोटा पड़ गया। इस भव्य आयोजन में लगभग 1200 महिलाओं एवं बच्चियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर गरबा की रंगारंग प्रस्तुतियों से पूरे वातावरण को आनंदमय बना दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ कन्या पूजन एवं माँ दुर्गा जी की आरती के साथ किया गया। विधिवत पूजा-अर्चना कर माँ दुर्गा का आशीर्वाद लिया गया। इसके पश्चात गरबा आयोजन का आगाज हुआ, जिसमें महिलाओं एवं बच्चियों ने पारंपरिक परिधानों में सजकर पूरे उत्साह और उमंग के साथ गरबा किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा जिला अध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय उपस्थित रहे। साथ ही रतलाम महापौर प्रहलाद पटेल, विधायक कमलेश्वर डोडियार, युवा मोर्चा प्रदेश महामंत्री विप्लव जैन के धर्मगुरु काजल दीदी, भाजपा जिला उपाध्यक्ष क्रांति जोशी, भाजपा मंडल अध्यक्ष पंकज राठौड़, दीपक टांक, जनपद अध्यक्ष कैलाशी चारेल एवं युवा मोर्चा जिला महामंत्री कृष्णा डिंडोर सहित अन्य गणमान्य अतिथियों ने अपनी उपस्थिति से आयोजन की गरिमा बढ़ाई। कार्यक्रम में आयोजन समिति के सभी सदस्य उपस्थित रहे।
बांसवाड़ा के गायक कलाकार शुभम कंसारा के गरबा गायन ने मोहा मन
आयोजन में बांसवाड़ा के गायक कलाकार शुभम कंसारा ने अपने शानदार गरबा गायन से उपस्थित सभी लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। उनकी सुमधुर प्रस्तुतियों पर महिलाओं एवं बच्चियों ने पूरे उत्साह के साथ गरबा किया। उनके गायन ने आयोजन में चार चाँद लगा दिए और पूरे पंडाल में उत्साह एवं उमंग का माहौल बना रहा। बड़ी संख्या में महिलाओं एवं बच्चियों की सहभागिता ने आयोजन को यादगार बना दिया। ‘सैलाना रा गरबा’ ने नगर में धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं के संरक्षण, महिला सहभागिता और सामूहिक उत्सव की भावना का शानदार उदाहरण प्रस्तुत किया।
समापन पर पुरस्कार वितरण एवं सभी प्रतिभागियों को उपहार
आयोजन के समापन अवसर पर पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया गया। इसमें सर्वश्रेष्ठ व्यक्तिगत गरबा प्रस्तुति, बेस्ट ड्रेसअप एवं सर्वश्रेष्ठ ग्रुप गरबा प्रस्तुत करने वाली बहनों को ₹5,100-₹5,100 की नगद पुरस्कार राशि प्रदान कर सम्मानित एवं प्रोत्साहित किया गया। साथ ही गरबा में भाग लेने वाली सभी बहनों को उपहार वितरित किए गए। इस पहल के माध्यम से प्रतिभागियों की प्रतिभा, पारंपरिक वेशभूषा और सामूहिक प्रस्तुतियों को प्रोत्साहित किया गया।
आयोजन की शानदार सफलता पर ‘सैलाना रा गरबा’ समिति के संयोजक अनुकूल सोनी ने सैलाना नगर के समस्त नागरिकों, गरबा में भाग लेने वाली सभी बहनों एवं बच्चियों, सहयोगकर्ताओं तथा कार्यक्रम में पधारे सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि नगरवासियों के सहयोग, प्रतिभागियों के उत्साह और आयोजन समिति के सामूहिक प्रयासों से यह कार्यक्रम सफल एवं यादगार बन सका। सैलाना रा गरबा’ ने सैलाना में सांस्कृतिक एकता, महिला सहभागिता और पारंपरिक गरबा उत्सव की भव्यता की एक नई मिसाल कायम की।




