सैलाना में जीतू पटवारी का मोहन सरकार पर तीखा हमला, बोले- सरकार के बचे सिर्फ 813 दिन, 2028 में होगी विदाई तय

किसानों, आदिवासियों और कृषि नीतियों को लेकर भाजपा सरकार को घेरा; कांग्रेस की सरकार बनने पर किसानों की जमीन वापस दिलाने और एमएसपी से कम कीमत पर खरीदी रोकने के लिए कानून बनाने का किया ऐलान
रतलाम- (कृष्णकांत मालवीय) मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने शुक्रवार को सैलाना में आयोजित पूर्व मंत्री स्वर्गीय प्रभुदयाल गेहलोत की जन्म जयंती एवं दीपावली मिलन समारोह में प्रदेश की भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व वाली सरकार पर किसानों, आदिवासियों और आम जनता के हितों की अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए कहा कि प्रदेश सरकार के अब केवल 813 दिन शेष बचे हैं। वर्ष 2028 में इस सरकार की विदाई तय है। पटवारी ने कहा कि प्रदेश की जनता आने वाले चुनाव में भाजपा सरकार को जवाब देगी।
पटवारी शुक्रवार दोपहर सैलाना की जैन धर्मशाला में आयोजित समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे। उन्होंने अपने उद्बोधन की शुरुआत उपस्थित जनसमुदाय को राम-राम कहकर की। इसके बाद उन्होंने प्रदेश सरकार की नीतियों, किसानों की समस्याओं, आदिवासी अधिकारों और कृषि क्षेत्र से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से अपनी बात रखी।
आदिवासी दिवस पर सवाल उठाने को लेकर मुख्यमंत्री पर साधा निशाना
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की आदिवासी दिवस को लेकर की गई टिप्पणी पर सवाल उठाते हुए कहा कि ऐसा मुख्यमंत्री उन्होंने आज तक नहीं देखा, जो आदिवासी दिवस की तिथि 9 अगस्त के औचित्य पर ही सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि आदिवासी इस धरती के असली मालिक हैं और उनके सम्मान तथा अधिकारों से जुड़े विषयों पर सरकार को संवेदन शीलता दिखानी चाहिए।
पटवारी ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री की टिप्पणी से आदिवासी समाज की भावनाएं आहत हुई हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार का रवैया आदिवासी समाज के प्रति उसके नजरिए को दर्शाता है। उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा कि आम जनमानस तो यही चाहता है कि मोहन यादव मुख्यमंत्री बने रहें, क्योंकि उनके मुख्यमंत्री बने रहने से कांग्रेस की सरकार बनने का रास्ता और साफ होगा।
किसानों को नशेड़ी बताने वाले बयान पर भाजपा सांसद को घेरा
पटवारी ने भाजपा सांसद द्वारा किसानों को लेकर की गई उस टिप्पणी पर भी कड़ी आपत्ति जताई, जिसमें कहा गया था कि किसान तीन महीने काम करते हैं और शेष नौ महीने चरस-गांजा पीते हैं। इस बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए पटवारी ने कहा कि नशे में किसान नहीं, बल्कि सत्ता में बैठे लोग हैं। सत्ता का नशा भाजपा नेताओं और सरकार के सिर चढ़कर बोल रहा है, जिसे वर्ष 2028 में किसान उतारेंगे।
उन्होंने कहा कि किसान दिन-रात मेहनत करके देश का पेट भरता है। ऐसे में किसानों के परिश्रम और उनके सम्मान पर सवाल उठाने वाले जनप्रतिनिधियों को अपनी भाषा और जिम्मेदारी का ध्यान रखना चाहिए।
कांग्रेस सरकार बनने पर एमएसपी से कम कीमत पर खरीदी रोकने का कानून बनाएंगे
किसानों के हितों की बात करते हुए जीतू पटवारी ने बड़ा राजनीतिक ऐलान किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने पर ऐसा कानून बनाया जाएगा, जिसके तहत केंद्र सरकार द्वारा निर्धारित न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) से कम कीमत पर किसी भी कृषि उपज की खरीदी नहीं की जा सकेगी।
उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में पिछले कुछ वर्षों के दौरान किसानों की करीब एक लाख 46 हजार हेक्टेयर जमीन औने-पौने दामों पर जबरन खरीदी गई है। पटवारी ने कहा कि कांग्रेस सत्ता में आने के बाद कानून बनाकर किसानों को उनकी छीनी गई जमीन वापस दिलाने की दिशा में काम करेगी। उन्होंने कहा कि किसान अपनी जमीन बेचने का निर्णय बेहद मजबूरी में लेता है। यदि किसान को अपनी आजीविका और परिवार चलाने के लिए जमीन बेचनी पड़ रही है तो फिर उसकी समृद्धि के दावों का क्या अर्थ रह जाता है? सरकार को किसानों की जमीन और उनके आर्थिक हितों की रक्षा करनी चाहिए।
अस्थाई बिजली कनेक्शन के 14 हजार रुपए लेने पर जताई नाराजगी
पटवारी ने प्रदेश में सिंचाई और बिजली की समस्या को लेकर भी सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि वर्तमान में कई क्षेत्रों में भूजल स्तर लगातार गिर रहा है। कहीं 15 दिन तो कहीं एक महीने का ही पानी शेष बचा है। ऐसे समय में किसानों को सिंचाई के लिए अस्थाई बिजली कनेक्शन लेने पर करीब 14 हजार रुपए देने पड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि किसान के पास जितने समय के लिए पानी उपलब्ध है, बिजली विभाग को उसी अवधि के अनुसार शुल्क लेना चाहिए। किसानों पर अनावश्यक आर्थिक बोझ डालना उचित नहीं है। सरकार को सिंचाई और बिजली की समस्याओं के समाधान के लिए व्यावहारिक नीति बनानी चाहिए।
अमेरिका से कृषि उत्पाद खरीदने की डील पर भी उठाए सवाल
कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का नाम लेते हुए अमेरिका से बड़ी मात्रा में कृषि उत्पाद खरीदने के समझौते को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि यदि भारत विदेशों से बड़ी मात्रा में कृषि उत्पाद खरीदेगा तो देश के किसानों की उपज का क्या होगा? इससे भारतीय किसानों के सामने बाजार और उपज की बिक्री को लेकर नई चुनौतियां खड़ी हो सकती हैं।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस किसानों के हितों को लेकर संघर्ष जारी रखेगी। राहुल गांधी के नेतृत्व में पार्टी जनता के मुद्दों को लेकर आवाज उठा रही है। पटवारी ने कहा कि आने वाले समय में देश की जनता भाजपा सरकार से उसके कामकाज का हिसाब मांगेगी।
हर्ष विजय गेहलोत ने पिता को किया याद, कहा- जनता की सेवा के लिए चुना था राजनीति का रास्ता
कार्यक्रम में स्वागत भाषण देते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक हर्ष विजय गेहलोत ने अपने पिता स्वर्गीय प्रभुदयाल गेहलोत को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि उनके पिता ने राजनीति में आने का निर्णय व्यक्तिगत करियर बनाने के लिए नहीं, बल्कि जनता की सेवा करने के उद्देश्य से लिया था। उन्होंने कहा कि प्रभुदयाल गेहलोत ने आपसी सौहार्द और जनसेवा के माध्यम से क्षेत्र के विकास के नए आयाम स्थापित किए तथा सैलाना को कांग्रेस का मजबूत गढ़ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
हर्ष विजय गेहलोत ने वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों पर टिप्पणी करते हुए कहा कि देश और प्रदेश में सरकार नहीं, बल्कि सर्कस चल रहा है। उन्होंने आगामी दिनों में सूखे की गंभीर स्थिति बनने की आशंका जताते हुए कहा कि ऐसे समय में कांग्रेस कार्यकर्ता जनता के साथ खड़े रहेंगे और शासन-प्रशासन पर दबाव बनाकर किसानों एवं आम लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रयास करेंगे।
विधायक दिनेश बोस बोले- बेरोजगारी चरम पर, जनता सड़क पर उतरकर करेगी संघर्ष
महिदपुर विधायक दिनेश बोस ने भी समारोह को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकारों के कामकाज से जनता परेशान है। प्रदेश में बेरोजगारी चरम पर है और शासकीय कार्यालयों में नियमित भर्तियों के बजाय आउटसोर्स के माध्यम से कर्मचारियों को रखा जा रहा है।
उन्होंने कहा कि जनता के अधिकारों की इस लड़ाई में अब लोगों को आगे आकर अपनी आवाज बुलंद करनी होगी। कांग्रेस कार्यकर्ता जनता के साथ मिलकर सरकार की नीतियों के खिलाफ संघर्ष करेंगे। जिला कांग्रेस प्रभारी रमनसिंह सिकरवार ने भी अपने संबोधन में प्रदेश सरकार की नीतियों की आलोचना की।
प्रभुदयाल गेहलोत की प्रतिमा पर किया माल्यार्पण, अतिथियों को भेंट किए तीर-कमान
समारोह की शुरुआत नगर में तहसील कार्यालय के समीप स्थित पूर्व मंत्री स्वर्गीय प्रभुदयाल गेहलोत की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ हुई। इसके बाद सभी अतिथि जैन धर्मशाला स्थित कार्यक्रम स्थल पहुंचे।
आयोजक हर्ष विजय गेहलोत ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी सहित सभी अतिथियों का स्वागत आदिवासी संस्कृति और परंपरा के प्रतीक तीर-कमान भेंट कर किया। समारोह में आदिवासी संस्कृति की झलक भी देखने को मिली। कार्यक्रम के दौरान करीब 20 लोगों ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। इसे पार्टी के लिए स्थानीय स्तर पर एक महत्वपूर्ण गतिविधि के रूप में देखा गया।
बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता रहे मौजूद
समारोह में स्वर्गीय प्रभुदयाल गेहलोत के पुत्र राजेश गेहलोत, पूर्व मंडी अध्यक्ष शेखर गेहलोत, पौत्र हनी गेहलोत, रतलाम के पूर्व विधायक पारस सकलेचा, पूर्व विधायक वर सिंह भूरिया, जिला किसान कांग्रेस अध्यक्ष राजेश भरावा, रतलाम शहर कांग्रेस अध्यक्ष शांतिलाल वर्मा, मयंक जाट, नगर परिषद अध्यक्ष चैतन्य शुक्ला, सहकारी नेता जगदीश कुमावत, जगदीश पाटीदार, श्रीराम चौधरी, महेंद्र शुक्ला, राधेश्याम पाटीदार, दिलीप कुमावत और हेमंत कुमावत सहित जिला, ब्लॉक एवं मंडलम स्तर के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।




