दीपावली के शुभ मुहूर्त में कपास 20,007 और सोयाबीन 8,181 रुपये प्रति क्विंटल बिका

"जानकारी अच्छी लगी? इसे अपने दोस्तों से साझा करें।"

दीपावली के शुभ मुहूर्त में कपास 20,007 और सोयाबीन 8,181 रुपये प्रति क्विंटल बिका

सैलाना मंडी में अवकाश के बाद शुरू हुई कृषि उपज की नीलामी, पूजा-अर्चना और आरती के साथ हुआ शुभारंभ; लहसुन 13,513 और चना 10,112 रुपये के भाव बिका

रतलाम- (कृष्णकांत मालवीय) दीपावली पर्व के अवकाश के बाद बुधवार से सैलाना कृषि उपज मंडी में नीलामी कार्य का शुभारंभ पारंपरिक रूप से शुभ मुहूर्त में किया गया। मंडी परिसर में स्थित सगज बाऊजी मंदिर में पूजा-अर्चना एवं आरती के बाद कृषि जिंसों की नीलामी प्रारंभ हुई। इस अवसर पर मंडी समिति के अधिकारियों, व्यापारी संघ के पदाधिकारियों, व्यापारियों, किसानों एवं हम्मालों की मौजूदगी में शुभ मुहूर्त की बोली लगाई गई। पहले ही दिन विभिन्न कृषि उपजों के आकर्षक भाव मिलने से मंडी में उत्साह का माहौल रहा।

नीलामी कार्य प्रारंभ होने से पूर्व कृषि उपज मंडी समिति के सचिव रूमान सिंह भयडीया एवं व्यापारी संघ अध्यक्ष इंद्रेश चंडालिया ने सगज बाऊजी मंदिर में विधि-विधान से पूजा-पाठ किया। इसके बाद भगवान की आरती कर क्षेत्र के किसानों, व्यापारियों एवं मंडी की सुख-समृद्धि की कामना की गई। धार्मिक परंपरा के अनुसार पूजा-अर्चना संपन्न होने के बाद शुभ मुहूर्त की पहली नीलामी शुरू की गई।

मुहूर्त की नीलामी में मिले अलग-अलग जिंसों के आकर्षक भाव

दीपावली अवकाश के बाद हुई शुभ मुहूर्त की नीलामी में किसानों द्वारा लाई गई विभिन्न कृषि उपजों की बोली लगाई गई। इसमें सोयाबीन का भाव 8,181 रुपये प्रति क्विंटल रहा। पंचेड़ निवासी किसान विनोद जाट की सोयाबीन फसल फर्म श्री अरिहंतानम ने खरीदी।

इसी प्रकार किसान रिदम परमार की लहसुन की उपज राज ट्रेडर्स ने 13,513 रुपये प्रति क्विंटल के भाव से खरीदी। वहीं किसान हीरालाल की कपास की उपज मुहूर्त की नीलामी में 20,007 रुपये प्रति क्विंटल के भाव से बिकी। इसे नवरत्न ट्रेडर्स ने खरीदा। कपास का यह भाव मुहूर्त नीलामी के प्रमुख आकर्षणों में रहा।

सैलाना निवासी किसान राकेश पाटीदार की गेहूं की उपज की बोली 3,636 रुपये प्रति क्विंटल पर लगी। इसे कांतिलाल शैतानमल ने खरीदा। इसी तरह धामनोद निवासी वीरेंद्र सिंह द्वारा नीलामी के लिए लाई गई मक्का की उपज 3,351 रुपये प्रति क्विंटल के भाव से बिकी, जिसे कुशल ट्रेडर्स ने खरीदा।

चना की उपज भी मुहूर्त नीलामी में अच्छे भाव पर बिकी। आम्बा निवासी किसान कांतिलाल का चना 10,112 रुपये प्रति क्विंटल के भाव से नीलाम हुआ। वहीं करिया निवासी किसान ओंकारलाल द्वारा लाई गई प्याज की उपज 5,000 रुपये प्रति क्विंटल के भाव से बिकी, जिसे ध्रुव ट्रेडर्स ने खरीदा।

व्यापारियों और किसानों में रहा उत्साह

दीपावली के अवकाश के बाद मंडी में नीलामी कार्य दोबारा प्रारंभ होने पर किसानों एवं व्यापारियों में उत्साह देखने को मिला। शुभ मुहूर्त में पहली बोली लगाकर नई शुरुआत की गई। इस दौरान मंडी परिसर में काफी चहल-पहल रही। किसानों को अपनी उपज के भाव मिलने के साथ ही व्यापारियों ने भी परंपरागत रूप से मुहूर्त की खरीदी में भागीदारी की।

इस अवसर पर व्यापारी संघ के सचिव पंकज सियार, कोषाध्यक्ष आकाश चंडालिया, कार्यकारिणी सदस्य प्रदीप पितलिया, सुमित दसेड़ा, प्रदीप चंडालिया, मनोज चंडालिया, दीपक कसेरा सहित बड़ी संख्या में व्यापारी, तुलावटी एवं हम्माल उपस्थित रहे।

इस प्रकार सैलाना कृषि उपज मंडी में दीपावली अवकाश के बाद शुभ मुहूर्त में नीलामी कार्य का विधिवत शुभारंभ हुआ। कपास, सोयाबीन, लहसुन, चना, गेहूं, मक्का एवं प्याज सहित विभिन्न जिंसों की बोली के साथ मंडी में नए कारोबारी सत्र की शुरुआत उत्साहपूर्ण माहौल में हुई।