मालवा के गांधी स्व. प्रभुदयाल गेहलोत की जयंती एवं दीपावली मिलन समारोह 13 नवंबर को, जीतू पटवारी होंगे मुख्य अतिथि
गेहलोत की जन्म जयंती पर आज किया माल्यार्पण
रतलाम- (एमपी की खबर) मालवा के गांधी के नाम से विख्यात, सत्य और सिद्धांतों के धनी, पूर्व मंत्री एवं पूर्व विधायक स्व. प्रभुदयाल गेहलोत की जन्म जयंती के अवसर पर शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 को जिले के सैलाना नगर में जन्म जयंती एवं दीपावली मिलन समारोह का भव्य आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री जीतू पटवारी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे, जबकि पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं पूर्व सांसद रतलाम कांतिलाल भूरिया कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे।
आयोजन को लेकर जारी आमंत्रण पत्र के अनुसार कार्यक्रम शुक्रवार को दोपहर 12:30 बजे जैन धर्मशाला, सैलाना में आयोजित होगा। आयोजन के माध्यम से स्व. प्रभुदयाल गेहलोत के व्यक्तित्व, कृतित्व, जनसेवा और राजनीतिक जीवन के आदर्शों का स्मरण किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि स्व. प्रभुदयाल गेहलोत रतलाम जिले की सैलाना विधानसभा क्षेत्र से विधायक एवं मध्यप्रदेश शासन में मंत्री रह चुके थे।
क्षेत्र में उन्हें मालवा के गांधी के रूप में जाना जाता है। उनके सुपुत्र हर्षविजय गेहलोत वर्तमान में जिला कांग्रेस कमेटी रतलाम ग्रामीण के अध्यक्ष एवं सैलाना विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक हैं। परिवार के जेष्ठ पुत्र राजेश गेहलोत (शा.सेवानिवृत्त), पूर्व मंडी अध्यक्ष शेखर गेहलोत एवं पौत्र युवा नेता हनी गेहलोत भी आयोजन की तैयारियों में जुटे हैं। परिवार की ओर से सैलाना विधानसभा क्षेत्र सहित आस-पास के ग्रामीण अंचलों के सभी परिवारजनों, शुभचिंतकों एवं गणमान्य नागरिकों को समारोह में शामिल होने का आमंत्रण दिया गया है।
जयंती पर प्रतिमा पर किया माल्यार्पण
स्व. प्रभुदयाल गेहलोत की जयंती के अवसर पर आज 11 नवंबर को पूर्व विधायक एवं जिला कांग्रेस अध्यक्ष हर्षविजय गेहलोत सहित परिवारजनों ने उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर उनके आदर्शों, विचारों, संघर्षपूर्ण जीवन और जनसेवा के प्रति समर्पण को स्मरण किया गया। इस अवसर पर कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं परिवारजन उपस्थित रहे। हर्ष विजय गेहलोत ने अपने पूज्य पिताजी को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए कहा कि उनका जीवन सदैव समाजसेवा, संघर्ष और जनकल्याण की प्रेरणा देता रहेगा।




