ट्रालियों में रखा खुला प्याज बारिश के पानी में भीगा, किसान परेशान

"जानकारी अच्छी लगी? इसे अपने दोस्तों से साझा करें।"

ट्रालियों में रखा खुला प्याज बारिश के पानी में भीगा, किसान परेशान

ब्यूरो रिपोर्ट mpkikhabar रतलाम 

रतलाम- (sailana) सैलाना क्षेत्र में शुक्रवार-शनिवार दरमियानी रात हुई अचानक बारिश ने किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया। आम्बा पंचायत के बखतपुरा निवासी किसान बद्रीलाल भगोरा की प्याज से भरी ट्राली बारिश में भीग गई। जिससे उनकी करीब 60 से 70 प्रतिशत उपज खराब हो गई। किसान ने बताया कि वे लगभग 13 क्विंटल प्याज बेचने के लिए शुक्रवार शाम तहसीलदार नाका तालाब के सामने स्थित नीलामी स्थल पर लेकर पहुचे थे।

बद्रीलाल भगोरा के अनुसार शनिवार सुबह करीब 3 बजे के बाद अचानक तेज बारिश शुरू हो गई। ट्राली खुली होने के कारण उसमें रखा प्याज बारिश के पानी से भीग गया। हालांकि वे एहतियात के तौर पर ट्राली को ढकने के लिए काली प्लास्टिक की पन्नी साथ लेकर आए थे। जैसे ही रात करीब ढाई बजे बारिश की जानकारी मिली, वे अपने घर से लगभग 15 किलो मीटर दूर मोटरसाइकिल से तत्काल सैलाना पहुंचे और ट्राली को प्लास्टिक से ढककर बचाव का प्रयास किया। इसके बावजूद बड़ी मात्रा में प्याज भीग गया।किसान ने बताया कि शनिवार सुबह प्याज की नीलामी मंडी परिसर में हुई, लेकिन बारिश से प्रभावित उपज को उचित दाम नहीं मिल सके। जिससे किसान को काफी नुकसान हुआ है।

बद्रीलाल भगोरा की ट्राली में पंथवारी निवासी पवन चरपोटा के प्याज के 8 कट्टे भी रखे हुए थे, जो बारिश के पानी में भीगकर गए थे। इससे पवन चरपोटा को भी नुकसानी झेलना पड़ी। इधर, किसान जितेंद्र पाटीदार, शांतिलाल चरपोटा ने मंडी परिसर में पर्याप्त जगह नहीं होने की समस्या उठाई है। किसानों का कहना है कि मंडी में जगह की कमी के कारण कई वाहन और ट्रालियां खुले में खड़ी रहती हैं, जिससे बारिश जैसी परिस्थितियों में उपज को नुकसान पहुंचता है। किसानों ने प्रशासन से मंडी परिसर का विस्तार करने तथा उपज को सुरक्षित रखने के लिए पर्याप्त शेड और सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *