सैलाना पुलिस की बड़ी सफलता- शत्रुंजय ज्वेलर्स चोरी का पर्दाफाश, दो आरोपी गिरफ्तार, 9 लाख के सोने-चांदी के आभूषण व अवैध हथियार बरामद

"जानकारी अच्छी लगी? इसे अपने दोस्तों से साझा करें।"

सैलाना पुलिस की बड़ी सफलता- शत्रुंजय ज्वेलर्स चोरी का पर्दाफाश, दो आरोपी गिरफ्तार, 9 लाख के सोने-चांदी के आभूषण व अवैध हथियार बरामद

ऑपरेशन सुरक्षा कवच के सीसीटीवी कैमरों से मिली बड़ी सफलता, कई अन्य वारदातों का भी खुलासा

ब्यूरो रिपोर्ट mpkikhabar रतलाम, ब्यूरो चीफ कृष्णकांत मालवीय 

रतलाम- (Ratlam, sailana) सैलाना थाना पुलिस क्षेत्र में हुई चर्चित ज्वेलरी चोरी की वारदात का पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गया पूरा मशरूका, घटना में प्रयुक्त औजार, अवैध हथियार तथा चोरी में इस्तेमाल की गई मोटर साइकिल बरामद की है। इस कार्रवाई में ऑपरेशन सुरक्षा कवच के तहत लगाए गए सीसीटीवी कैमरों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

ये है घटना-

फरियादी प्रेम पिता अनिल चंडालिया निवासी सैलाना ने थाना सैलाना में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनकी “शत्रुंजय ज्वेलर्स” नामक दुकान, जो बड़ा जैन मंदिर के पास चन्द्रशेखर मार्ग सैलाना स्थित है, को अज्ञात बदमाशों ने निशाना बनाया।फरियादी के अनुसार 20 व 21 मई की दरम्यानी रात वह दुकान बंद कर घर चले गए थे। अगले दिन 21 मई की सुबह करीब 6 बजे जैन मंदिर के पुजारी ने फोन कर दुकान का शटर खुला होने की सूचना दी।

मौके पर पहुंचने पर दुकान के शटर के ताले ग्राइंडर मशीन से कटे मिले तथा दुकान से करीब 4.5 किलो चांदी के आभूषण और लगभग 15 ग्राम सोने के फैंसी आभूषण चोरी पाए गए। चोरी गए माल की अनुमानित कीमत लगभग 9 लाख रुपये बताई गई। इस मामले में थाना सैलाना में अपराध क्रमांक 171/2026 के तहत धारा 331 (4) एवं 305(ए) बीएनएस के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

जिला पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में बनी विशेष टीम-

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी सैलाना नीलम बघेल के नेतृत्व में थाना सैलाना, थाना बिलपांक, थाना रावटी एवं साइबर सेल की संयुक्त टीम गठित की गई।

सीसीटीवी फुटेज से मिला बड़ा सुराग-

पुलिस टीम ने घटना स्थल और आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। ऑपरेशन सुरक्षा कवच के तहत रतलाम पुलिस द्वारा जनसहयोग से शहर में लगभग 400 सीसीटीवी कैमरे तथा करीब 260 शासकीय कैमरे लगाए गए हैं, जिनका फीड सीसीटीवी कंट्रोल रूम में मॉनिटर किया जाता है। फुटेज में एक आरोपी दुकान के अंदर घुसकर पीले रंग के प्लास्टिक कट्टे में ज्वेलरी भरता दिखाई दिया, जबकि दूसरा आरोपी बाहर निगरानी करता नजर आया। तकनीकी विश्लेषण, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर सूचना के आधार पर पुलिस टीम झाबुआ जिले के ग्राम झकनावदा पहुंची।

घेराबंदी कर पकड़े गए आरोपी-

मुखबिर सूचना पर ग्राम करिया से दौलतपुरा जाने वाले मार्ग पर पुलिस ने घेराबंदी कर दो संदिग्धों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम आनंद पिता सुंदरलाल गुर्जर (25 वर्ष) एवं विकास उर्फ फरीद हुसैन पिता मोहम्मद हुसैन (30 वर्ष), निवासी झकनावदा जिला झाबुआ बताए।दोनों आरोपियों ने पूछताछ में शत्रुंजय ज्वेलर्स में चोरी करना स्वीकार कर लिया।

झाड़ियों में छिपाया था चोरी का माल-

आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी गया सम्पूर्ण मशरूका बरामद कर लिया। आरोपियों ने बताया कि चोरी के बाद उन्होंने ग्राम करिया-दौलतपुरा मार्ग स्थित नाले के पास झाड़ियों में गड्ढा खोदकर चोरी का सामान छिपा दिया था। पुलिस ने वहां से चोरी के आभूषण, घटना में प्रयुक्त औजार तथा अन्य सामग्री बरामद की।

बरामद हुआ अवैध हथियार और चोरी की बाइक-

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक बिना नंबर प्लेट की बजाज पल्सर मोटरसाइकिल, एक देशी पिस्टल, एक जिंदा कारतूस एवं एक खाली राउंड भी जब्त किया है। हथियारों और अन्य उपकरणों के संबंध में पृथक से जांच की जा रही है।

अन्य वारदातों का भी खुलासा-

पूछताछ के दौरान आरोपियों ने थाना सैलाना क्षेत्र के कीर्तिविहार में चोरी, थाना बिलपांक क्षेत्र में मंदिर चोरी तथा पेटलावद और झाबुआ क्षेत्र में चोरी एवं नकबजनी की कई वारदातों में शामिल होना स्वीकार किया है। इसके अलावा आरोपियों ने ग्राम दलौदा जिला मंदसौर से एक पल्सर मोटरसाइकिल तथा राजस्थान के चित्तौड़गढ़ जिले स्थित सांवरिया सेठ मंदिर क्षेत्र से एक प्लेटिना मोटरसाइकिल चोरी करना भी कबूल किया है। संबंधित थाना क्षेत्रों से समन्वय स्थापित कर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।

जप्त मशरूका लगभग 4.5 किलो चांदी के आभूषण करीब 15 ग्राम सोने के फैंसी आभूषण ग्राइंडर मशीन,पेचकस, प्लायर एवं अन्य औजार एक देशी पिस्टल एक जिंदा कारतूस एवं एक खाली राउंड बिना नंबर प्लेट की बजाज पल्सर मोटरसाइकिल चोरी में प्रयुक्त अन्य सामग्री इन अधिकारियों और जवानों की रही महत्वपूर्ण भूमिका रही।

पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी सैलाना निरीक्षक पिंकी आकाश, निरीक्षक सुरेंद्र सिंह गडरिया, निरीक्षक अय्युब खान, आनंद बागवान, उप निरीक्षक राजा तिवारी (सीसीटीवी प्रभारी), सउनि शंकरसिंह शक्तावत, सउनि सिताराम तेनीवार, सउनि हितेन्द्र सिंह सहित पुलिस टीम के अनेक अधिकारियों और जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। सीसीटीवी टीम में उप निरीक्षक राजा तिवारी, प्रधान आरक्षक शांतिलाल डिंडोर, आरक्षक पारस चावला और आरक्षक समरथ डुडवे की विशेष भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक द्वारा पूरी टीम को पुरस्कृत किए जाने की घोषणा की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *