सैलाना की सड़कों पर भरी दोपहर में छाया सन्नाटा, भीषण गर्मी के चलते जनजीवन अस्त-व्यस्त
ब्यूरो रिपोर्ट mpkikhabar रतलाम
रतलाम- (Ratlam) भीषण गर्मी ने अचानक तीखा रुख अपना लिया है। रविवार को रतलाम जिले के सैलाना नगर में तापमान 43 डिग्री सेल्सियस के आस- पास पहुंचने की संभावना जताई गई है। जिससे आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। तेज धूप और लू के थपेड़ों के चलते दोपहर के समय सैलाना नगर की सड़कों पर भरी दोपहर में सन्नाटा छाया नजर आया।
सुबह से ही धूप के तेवर तीखे रहे और जैसे-जैसे दिन चढ़ता गया, गर्मी ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया। दोपहर 12 बजे के बाद सड़कों पर लोगों की आवाजाही अचानक कम हो गई।
लू और तपन से लोग बेहाल-
तेज गर्म हवाओं (लू) के कारण लोगों का घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। ग्रामीण क्षेत्रों में भी खेतों में काम करने वाले किसान दोपहर के समय काम बंद कर छांव में आराम करने को मजबूर हैं। छोटे दुकानदारों और ठेले वालों का कामकाज भी प्रभावित हुआ है।
स्वास्थ्य पर असर, बढ़ा खतरा-
डॉक्टरों के अनुसार इस भीषण गर्मी में डिहाइड्रेशन और लू लगने का खतरा बढ़ गया है। खासकर बच्चों और बुजुर्गों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी जा रही है। दोपहर के समय अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचने और अधिक से अधिक पानी पीने की जरूरत बताई गई है। सैलाना क्षेत्र में बढ़ती गर्मी ने जनजीवन को प्रभावित करना शुरू कर दिया है। 43 डिग्री तापमान के बीच लोग दोपहर में घरों में रहने को मजबूर हैं और सड़कों पर सन्नाटा छा गया है। यदि यही स्थिति बनी रही तो आने वाले दिनों में परेशानी और बढ़ सकती है।




