सरवन स्वास्थ्य केंद्र में एंबुलेंस उपलब्धता की जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करें- कलेक्टर कटेसरिया, शासकीय कन्या विद्यालय सरवन की पढ़ाई सांदीपनि विद्यालय जैसी बेहतर- कलेक्टर कटेसरिया

"जानकारी अच्छी लगी? इसे अपने दोस्तों से साझा करें।"

सरवन स्वास्थ्य केंद्र में एंबुलेंस उपलब्धता की जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करें- कलेक्टर कटेसरिया, शासकीय कन्या विद्यालय सरवन की पढ़ाई सांदीपनि विद्यालय जैसी बेहतर- कलेक्टर कटेसरिया

कलेक्टर ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र एवं आंगनबाड़ी केंद्र का किया निरीक्षण। ग्रामीणों ने विद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता और शिक्षकों की सराहना की। कलेक्टर ने विद्यालय एवं छात्रावास का किया निरीक्षण।

रतलाम. (कृष्णकांत मालवीय) मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत कलेक्टर अजय कटेसरिया ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सरवन एवं आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक-1 का निरीक्षण किया। इस दौरान ग्रामीणों द्वारा एंबुलेंस की उपलब्धता को लेकर बताई गई समस्या पर कलेक्टर ने एसडीएम सैलाना सुनील जायसवाल को विस्तृत जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

ग्रामीणों ने कलेक्टर को बताया कि सरवन में 108 एंबुलेंस आवश्यकता के समय उपलब्ध नहीं रहती है। जय अंबे ट्रैवल्स द्वारा एंबुलेंस का संचालन किया जाता है, लेकिन जरूरत पड़ने पर वाहन इंदौर भेज दिए जाते हैं, जिससे सरवन में एंबुलेंस उपलब्ध नहीं रहती। ग्रामीणों ने बताया कि सरवन के लिए दो वाहनों का टेंडर किया गया था, जिनमें एक जननी एक्सप्रेस तथा दूसरा बेसिक लाइफ सपोर्ट के लिए निर्धारित था, लेकिन दोनों वाहन नियमित रूप से उपलब्ध नहीं रहते हैं।

इस पर कलेक्टर ने एसडीएम को निर्देश दिए कि एंबुलेंस की उपलब्धता एवं संचालन से संबंधित पूरे मामले की जांच कर तथ्यात्मक रिपोर्ट प्रस्तुत करें। उन्होंने कहा कि जिला स्तर से इस संबंध में विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर शासन स्तर पर भोपाल भेजी जाएगी, ताकि आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्थाओं की कलेक्टर ने की सराहना

निरीक्षण के दौरान बताया गया कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सरवन में प्रतिमाह लगभग 180 प्रसव होते हैं। निरीक्षण के दिन भी 51 मरीजों की ओपीडी की गई थी। कलेक्टर ने स्वास्थ्य केंद्र में उपलब्ध व्यवस्थाओं एवं स्वास्थ्य सेवाओं की सराहना की। निरीक्षण के दौरान सीईओ जिला पंचायत वैशाली जैन, एसडीएम सैलाना सुनील जायसवाल सहित संबंधित जिलाधिकारी उपस्थित थे।

शासकीय कन्या विद्यालय सरवन की पढ़ाई सांदीपनि विद्यालय जैसी बेहतर- कलेक्टर श्री कटेसरिया

मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत कलेक्टर अजय कटेसरिया एवं सीईओ जिला पंचायत वैशाली जैन ने शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सरवन एवं कन्या छात्रावास का निरीक्षण किया। इस दौरान कलेक्टर ने कक्षाओं में पहुंचकर छात्राओं से संवाद किया और उनकी शैक्षणिक गतिविधियों का जायजा लिया।

कलेक्टर ने कक्षा 11 वीं में राजनीति शास्त्र की चल रही कक्षा में छात्राओं की कॉपियां एवं नोट्स देखे। नोट्स की गुणवत्ता देखकर उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने छात्राओं से रिक्त विधेयक एवं धन विधेयक के संबंध में भी प्रश्न पूछे। इसके पश्चात कक्षा दसवीं में पहुंचकर संस्कृत की कक्षा का निरीक्षण किया। उन्होंने छात्राओं से स्कूल आने की दूरी और आवागमन में होने वाली किसी परेशानी के संबंध में जानकारी ली। कलेक्टर कटेसरिया ने विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था की सराहना करते हुए कहा कि शासकीय कन्या विद्यालय सरवन बहुत अच्छा विद्यालय है। यहां सांदीपनि विद्यालय के समान बेहतर पढ़ाई हो रही है। निरीक्षण के दौरान उपस्थित ग्रामीणों ने भी विद्यालय की प्रशंसा करते हुए कहा कि यहां के शिक्षक अच्छी गुणवत्ता के हैं और छात्राओं को बेहतर ढंग से पढ़ाते हैं।