मदर्स डे स्पेशल- परिवार और फर्ज के बीच मिसाल बनीं सैलाना थाना-प्रभारी पिंकी आकाश

"जानकारी अच्छी लगी? इसे अपने दोस्तों से साझा करें।"

मदर्स डे स्पेशल- परिवार और फर्ज के बीच मिसाल बनीं सैलाना थाना-प्रभारी पिंकी आकाश

“अगर हौसला बुलंद हो, तो नामुमकिन काम भी मुमकिन हो जाता है।”

ब्यूरो चीफ कृष्णकांत मालवीय 

रतलाम- (Ratlam) इसी सोच को अपनी जिंदगी में सच साबित किया है। सैलाना थाना प्रभारी पिंकी आकाश ने। मातृ दिवस के अवसर पर उनकी संघर्ष, मेहनत और सफलता की कहानी हर महिला और मां के लिए प्रेरणा बनकर सामने आई है।

मूल रूप से शिवपुरी जिले की रहने वाली पिंकी आकाश पिछले लगभग 45 वर्षों से इंदौर में निवास कर रही हैं। उन्होंने अपनी स्कूली शिक्षा इंदौर के अहिल्याबाई नंबर-2 विद्यालय से 12वीं तक पूरी की। 12वीं में कॉमर्स विषय से पढ़ाई करने के साथ-साथ उन्होंने बीए भी किया। इसके बाद एमएलबी कॉलेज से स्नातकोत्तर तक शिक्षा प्राप्त की। पढ़ाई के साथ-साथ खेलों में भी उनका प्रदर्शन शानदार रहा। वे 16 राष्ट्रीय कबड्डी प्रतियोगिताओं में हिस्सा ले चुकी हैं। मेहनत और अनुशासन उनकी पहचान रहे हैं।

थाना प्रभारी पिंकी आकाश बताती हैं कि उन्होंने दिन- रात मेहनत कर पढ़ाई की और उनके माता-पिता ने खेल और शिक्षा दोनों में पूरा सहयोग दिया। उन्होंने केंद्रीय विद्यालय नंबर 2 में स्पोर्ट्स टीचर के रूप में भी सेवाएं दीं। इसके बाद उन्होंने जीआरपी में कांस्टेबल के रूप में नौकरी जॉइन की। शादी के बाद भी उनके सपनों की उड़ान नहीं रुकी। उनके पति, सास और पूरे ससुराल परिवार ने उन्हें हर कदम पर सहयोग और हौसला दिया।

पति के सहयोग और अपनी मेहनत के दम पर उन्होंने वर्ष 2011-12 की मध्य प्रदेश उप निरीक्षक भर्ती परीक्षा में सफलता हासिल की और सब इंस्पेक्टर के पद पर चयनित हुईं। वर्तमान में वे सैलाना थाना प्रभारी के रूप में अपनी जिम्मेदारियां निभा रही हैं। पिंकी आकाश न केवल पुलिस सेवा में उत्कृष्ट कार्य कर रही हैं, बल्कि एक मां और परिवार की जिम्मेदार सदस्य के रूप में भी सभी जिम्मेदारियां बखूबी निभा रही हैं। उनका मानना है कि परिवार और करियर दोनों को संतुलित करना चुनौतीपूर्ण जरूर है, लेकिन मजबूत इरादों और परिवार के सहयोग से हर कठिनाई को पार किया जा सकता है। मदर्स डे पर उनकी कहानी उन सभी महिलाओं के लिए प्रेरणा है, जो परिवार की जिम्मेदारियों के साथ अपने सपनों को भी पूरा करना चाहती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *