सैलाना नगर परिषद में 7 हजार डस्टबीन खरीदे, फिर भी नगर में नहीं हुए वितरण

"जानकारी अच्छी लगी? इसे अपने दोस्तों से साझा करें।"

सैलाना नगर परिषद में 7 हजार डस्टबीन खरीदे, फिर भी नगर में नहीं हुए वितरण

विधायक डोडियार ने जिला कलेक्टर मिशा सिंह से की शिकायत

ब्यूरो रिपोर्ट mpkikhabar रतलाम 

रतलाम- (Ratlam) जिले के सैलाना नगर में गीला एवं सूखा कचरा पृथकीकरण के लिए खरीदे गए लगभग 7 हजार डस्टबीनों का अब तक वितरण नहीं किए जाने का मामला सामने आया है। इस संबंध में क्षेत्रीय विधायक कमलेश्वर डोडियार ने जिला कलेक्टर मिशा सिंह को एक पत्र लिखकर सैलाना नगर परिषद के सीएमओ एवं अध्यक्ष पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं।

विधायक कमलेश्वर डोडियार ने पत्र में उल्लेख किया कि स्वच्छ सर्वेक्षण 2025 के अंतर्गत “सैलाना को नम्बर वन बनाने” के उद्देश्य से नगर परिषद में स्वच्छता विभाग के कर्मचारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई थी। बैठक के दौरान यह तथ्य सामने आया कि नगर में घर-घर कचरा संग्रहण के समय गीले एवं सूखे कचरे का पूर्ण पृथकी करण नहीं हो पा रहा है। वार्ड वासियों से प्राप्त जानकारी के अनुसार, पूर्व में नगर परिषद द्वारा हरे एवं नीले डस्टबीन घर-घर वितरित किए गए थे, जो वर्तमान में टूट-फूट जाने के कारण अनुपयोगी हो चुके हैं।

इसके चलते कचरा संग्रहण के दौरान कचरा सड़कों पर गिर रहा है, जिससे नगर में गंदगी फैल रही है। समस्या के समाधान के लिए नगर परिषद स्तर पर पूरे नगर में घर-घर गीला एवं सूखा कचरा पृथकी करण के लिए लगभग 7 हजार नए डस्टबीन खरीदे जाने का निर्णय लिया गया था। इसके साथ ही होटल व्यवसायियों को भी एक-एक बड़ा डस्टबीन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए थे, ताकि होटल क्षेत्रों में फैलने वाली गंदगी पर नियंत्रण किया जा सके। विधायक डोडियार ने पत्र में नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि डस्टबीनों की खरीद हो जाने के बावजूद नगर परिषद सैलाना के सीएमओ एवं अध्यक्ष द्वारा अब तक उन्हें जान बूझकर आम नागरिकों को वितरित नहीं किया गया है। इससे न केवल नगर की स्वच्छता व्यवस्था प्रभावित हो रही है, बल्कि स्वच्छ सर्वेक्षण 2025 की तैयारियां भी बाधित हो चुकी हैं। विधायक ने जिला कलेक्टर से अनुरोध किया है कि नगर परिषद सैलाना को तत्काल 7 हजार डस्टबीन घर-घर वितरित करने के निर्देश दिए जाएं तथा वितरण में हो रही अनावश्यक देरी के कारणों की जांच कर लापरवाह अधिकारियों एवं पदाधिकारियों के विरुद्ध उचित प्रशासनिक कार्रवाई की जाए।

इनका कहना-

स्वच्छता सर्वेक्षण के पूर्व सुनियोजित तैयारी चल रही है। जिस क्रम में डस्टबिन खरीदे गए है। जिन्हें योजना बद्ध तरीके से अतिशीघ्र वितरण किया जाना है। लापरवाही और लेटलतिपी जैसी कोई बात नहीं है। यह सिर्फ समझ का फेर हैं।

चैतन्य शुक्ला नगर परिषद अध्यक्ष सैलाना।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *