रतलाम में विश्व के पहले ‘सुख शक्ति धाम ध्यान केंद्र’ का लोकार्पण मुख्य अतिथियों द्वारा किया गया
ब्यूरो रिपोर्ट mpkikhabar रतलाम, सीटी रिपोर्टर मोहित शर्मा
रतलाम- (Ratlam) रविवार को विश्व के पहले ‘सुख शक्ति धाम ध्यान केंद्र’ का भव्य लोकार्पण संपन्न हो गया। इस ऐतिहासिक अवसर के साक्षी बने पद्म विभूषण सम्मानित और आईटी कंपनी इन्फोसिस के संस्थापक नारायण मूर्ति, जो बतौर मुख्य अतिथि रतलाम पहुंचे थे। सागोद रोड स्थित बिबड़ौद के पास एक्सप्रेस सिटी में निर्मित इस ध्यान केंद्र का निर्माण मुंबई की ‘देश अपनाएं फाउंडेशन’ की सहयोगी संस्था ‘सत्य विज्ञान फाउंडेशन’ द्वारा कराया गया है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, साधक और आमजन उपस्थित रहे।
किसी धर्म से नहीं जुड़ा, सभी के लिए खुला ध्यान केंद्र सुख शक्ति धाम की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि यह किसी भी धर्म, पंथ या संप्रदाय से बंधा नहीं है। यहां सभी धर्मों और विचारधाराओं के लोग आकर ध्यान कर सकते हैं। इस ध्यान केंद्र का उद्देश्य ध्यान के माध्यम से लोगों को आत्ममंथन, स्वयं में सुधार और आंतरिक परिवर्तन के जरिए समाज में सकारात्मक बदलाव के लिए प्रेरित करना है। 30 हजार वर्गफीट में विकसित हुआ सुख शक्ति धाम करीब 30 हजार वर्गफीट क्षेत्र में विकसित इस धाम का मुख्य आकर्षण 13 हजार वर्गफीट में निर्मित पंचमुखी भवन है, जहां ध्यान और साधना की विशेष व्यवस्था की गई है।
इसके अलावा परिसर में सुंदर गार्डन, साधकों एवं आगंतुकों के ठहरने के लिए भवन सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं भी विकसित की गई हैं। लोकार्पण कार्यक्रम के साथ ही रतलाम ने ध्यान और आत्मिक विकास के क्षेत्र में एक नई अंतरराष्ट्रीय पहचान हासिल की है। यह केंद्र भविष्य में देश-विदेश से आने वाले साधकों के लिए एक महत्वपूर्ण आध्यात्मिक और मानसिक शांति का केंद्र बनेगा।




