सैलाना पुलिस ने गजनी के बाद उसके साथी कमलेश जाट को भी दबोचा
खेत की झोपड़ी में छिपा था आरोपी, देर रात घेराबंदी कर की गिरफ्तारी
ब्यूरो रिपोर्ट mpkikhabar रतलाम, कृष्णकांत मालवीय
रतलाम- (Ratlam) जिले के सैलाना थाना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। रंगदारी, मारपीट और धमकी के मामले में फरार चल रहे इनामी बदमाश दिनेश उर्फ गजनी गुर्जर की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उसके साथी कमलेश जाट को भी गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी खेत में बनी एक झोपड़ी में छिपकर रह रहा था।
मुखबिर की सूचना पर हुई कार्रवाई-
पुलिस के अनुसार बुधवार को एसडीओपी नीलम बघेल को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी कमलेश जाट नारायण पंचायत के बरडा-बयाटुक रोड स्थित खेत की झोपड़ी में मौजूद है। सूचना मिलते ही उन्होंने थाना प्रभारी पिंकी आकाश को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। गुरुवार-शुक्रवार की दरमियानी रात को पुलिस टीम ने सुनियोजित तरीके से घेराबंदी कर झोपड़ी पर दबिश दी। पुलिस को देखते ही आरोपी भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन टीम ने घेराबंदी कर उसे धर दबोचा और सैलाना थाना लाया गया।
कार्रवाई में ये पुलिसकर्मी रहे शामिल-
इस विशेष टीम में एसआई देवड़ा, प्रधान आरक्षक पप्पू वाघेला, आरक्षक फ़कीरचंद सोलंकी, तूफान भूरिया, अजित चौहान शामिल रहे।
रंगदारी और मारपीट का मामला-
दोनों आरोपियों ने 17 नवम्बर को दिलीप मार्ग स्थित एक किराना व्यापारी से 20 हजार रुपए की रंगदारी मांगी थी। नहीं देने पर दुकान में तोड़फोड़, मारपीट और जान से मारने की धमकी दी गई थी। फरियादी काईद बोहरा (40) ने पुलिस को बताया कि उस समय उनके साथ हातिम बोहरा और तैयब अली बोहरा भी मौजूद थे। दोनों आरोपियों ने गेंती के हत्थे से हमला किया, जिससे सभी को गंभीर चोटें आईं। दुकान का सामान फेंककर तोड़फोड़ भी की गई।
पहले भी हो चुका था विवाद-
चार दिन पहले जैन मंदिर के पास बाइक खड़ी करने को लेकर फकरुद्दीन बोहरा से विवाद हुआ था। उस समय समझौते के नाम पर आरोपियों ने उससे 10 हजार रुपए की मांग की थी।
पूरे सैलाना में हमारी दादागिरी” कहकर दी थी धमकी-
हमले के दौरान आरोपियों ने धमकी देते हुए कहा की “तुम हमें जानते नहीं हो, पूरे सैलाना में हमारी दादागिरी है। दोबारा बीच में पड़ा तो जान से खत्म कर देंगे।
व्यापारियों में था भारी आक्रोश-
घटना के बाद बोहरा समाज और व्यापारियों में भारी आक्रोश था। पुलिस को चेतावनी दी गई थी कि यदि जल्द आरोपी गिरफ्तार नहीं हुए तो नगर बंद कर आंदोलन किया जाएगा।
थाना प्रभारी का बयान-
थाना प्रभारी पिंकी आकाश ने कहा की कोई भी कितना ही बड़ा बदमाश क्यों न हो, सैलाना में उसकी दादागिरी नहीं चलने दी जाएगी। मजबूत मुखबिर की सूचना के आधार पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। यह सैलाना पुलिस की बड़ी सफलता है।




