सैलाना नगर के वार्ड क्रमांक 4, 5 व 6 के रहवासियों को शीघ्र ही पेयजल की समस्या से मिलेगी निजात
ब्यूरो रिपोर्ट mpkikhabar रतलाम
रतलाम ( Ratlam) जिले के सैलाना नगर के वार्ड क्रमांक 4, 5 व 6 के रहवासियों को शीघ्र ही पेयजल की समस्या से निजात मिलेगी। दरअसल बाईपास टंकी से रंगवाडी मोहल्ला तक लगभग 1 किलोमीटर पाईप लाईन को डाले हुए एक दशक का समय पूरा हो चुका है। इसलिए पाईप लाईन की बार-बार टूट-फूट से इन वार्डो में पानी की समस्या के साथ ही पानी की भी तकलीफ थी। वार्ड वासियों ने इसकी शिकायत नगर परिषद अध्यक्ष चेतन्य शुक्ला से की थी। हाल ही में शुक्ला ने मुख्य न.पा. अधिकारी मनोज शर्मा को निर्देश दिये कि तत्काल इस समस्या को दूर करने के लिए इस मामले को भी अमृत योजना 2.0 में शामिल कर नई पाईप लाईन डलवाई जाए।
दरअसल पाईप लाईन काफी पुरानी होने से उक्त वार्डों के रहवासियों को न केवल शुद्ध पेयजल मिलने में दिक्कत आ रही थी। साथ ही बार-बार की टूट-फूट से यातायात व्यवस्था भी बाधित हो रही थी। हाल ही में अनेक वार्ड वासियों ने जब इस समस्या से नगर परिषद अध्यक्ष को अवगत कराया तो अध्यक्ष शुक्ला ने इस पाईप लाईन को भी अमृत योजना 2.0 में शामिल करने के निर्देश तुरंत न.पा. अधिकारी शर्मा को दिए। पूर्व में यह कार्य अमृत योजना 2.0 में शामिल नहीं था।
इससे मिलेगी अब राहत-
न.पा. अधिकारी शर्मा ने बताया कि नगर परिषद अध्यक्ष के निर्देशानुसार जल्द ही बाईपास टंकी से रंगवाडी मोहल्ले तक लगभग 1 किलोमीटर नवीन पाईप लाईन डाली जाएगी। जिससे वार्ड क्रमांक 4, 5 एवं 6 तीनों वार्डों के रहवासियों को शुद्ध पेयजल भी मिलेगा, और पर्याप्त प्रेशर से पर्याप्त पानी भी मिल पाएगा। बार-बार की खुदाई से वार्ड वासियों को निजात भी मिलेगी। शर्मा ने बताया कि नगर परिषद अध्यक्ष शुक्ला के निर्देशानुसार यह कार्य एक माह में पूर्ण कर लिया जाएगा। शीघ्र ही युद्ध स्तर पर नवीन पाइपलाइन डालने का कार्य शुरू होगा।
अध्यक्ष शुक्ला ने किया निरीक्षण-
न.पा. अधिकारी शर्मा ने बताया कि निर्देश के पूर्व मौके पर जाकर नगर परिषद अध्यक्ष चैतन्य शुक्ला ने जल विभाग के कर्मचारियों के साथ निरीक्षण किया और पाया कि वास्तव में इस समस्या के निराकरण के लिए नवीन पाइप लाइन डालना जरूरी है।




