सैलाना की तरह अन्य स्थानों पर कांग्रेस को मजबूत किए जाने के निरंतर रहेगे प्रयास-प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पटवारी
17/Jan/2025
ब्यूरो रिपोर्ट mpkikhabar रतलाम
रतलाम (Ratlam,mp)- प्रदेश में कांग्रेस धीरे-धीरे मजबूती की दिशा में आगे बढ़ रही है। पूरे प्रदेश में विकासखंड स्तर पर हमारा संगठन सक्रिय हो चला है। कांग्रेस को मजबूत बनाने की दिशा में हमें हर बड़े से बड़े नेता व छोटे से छोटे कार्यकर्ता का पूर्णतः सहयोग मिल रहा है। वर्षों से सत्ता से बाहर रहने की निराशा को दूर करने की दिशा में प्रदेश कांग्रेस ने कदम बढ़ा दिए हैं। जिले में सैलाना की तरह ही अन्य स्थानों पर भी कांग्रेस को मजबूत किए जाने के निरंतर प्रयास जारी है। यह बात शुक्रवार को जिले के सैलाना में स्थानीय मीडिया कर्मियों से प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने चर्चा के दौरान कही। उन्होंने यह भी कहा कि यह मीडिया द्वारा बनाई गई कपोल कल्पना है कि मुझे बड़े नेताओं का सहयोग नहीं मिलता है। दरअसल मुझे हर बड़े नेता व कार्यकर्ता का सहयोग मिल रहा है। हम निसंदेह एक सफल दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने एक सवाल के जवाब में साफ-साफ कहा कि भाजपा भले ही बरसों से सत्ता में काबिज है पर उसने कुछ खास काम नहीं किए हैं। बेरोजगारी चरम पर है। महंगाई बढ़ी है। सब तरफ त्राहि-त्राहि मची है। आने वाले चुनाव में हर हाल में भाजपा को जनता सत्ता से उखाड़ फेंकेगी। इस दौरान प्रदेश कांग्रेस महासचिव हर्ष विजय गेहलोत, तराना के विधायक महेश परमार, झाबुआ के पूर्व विधायक जैवियर मेंढ़ा, नागदा के पूर्व विधायक दिलीप सिंह गुर्जर, महिदपुर के विधायक दिनेश बोस सहित कांग्रेस नेता उपस्थित थे।




