जिला जेल रतलाम में मानवाधिकार दिवस कार्यक्रम आयोजित

ब्यूरो रिपोर्ट mpkikhabar रतलाम
रतलाम- (Ratlam) अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार दिवस के अवसर पर अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार सुरक्षा संगठन द्वारा जिला जेल रतलाम में एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह आयोजन संगठन की प्रदेश उपाध्यक्ष सिंधु राज के मार्ग दर्शन और जिला अध्यक्ष राजकुमार हरण, महिला जिला अध्यक्ष सोनू सोलंकी तथा जिला उपाध्यक्ष जगदीश चंद्र हरारिया के नेतृत्व में संपन्न हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला जेल अधीक्षक लक्ष्मण कुमार सिंह भदौरिया ने की। इस अवसर पर सहायक जिला जेल अधीक्षक विनोद विश्नोई, मुख्य अतिथि असलम खान पठान तथा सीनियर सिटीजन पुलिस पंचायत की जिला प्रभारी शबाना खान उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि असलम खान ने अपने वक्तव्य में कहा कि जीवन में सकारात्मक दृष्टिकोण अत्यंत आवश्यक है। हमें अनावश्यक विवादों और अपराधों से सदैव दूरी बनाए रखनी चाहिए। यदि इन बातों का ध्यान रखा जाता, तो शायद हमारी मुलाकात यहां नहीं होती। लेकिन जीवन अभी लंबा है। जब दोबारा खुली हवा में सांस लेने का अवसर मिले, तो प्रयास करना कि फिर कभी जेल की सलाखों के पीछे आने की नौबत न आए।
उन्होंने आगे कहा कि संविधान ने हमें अनेक मौलिक अधिकार प्रदान किए हैं, जिनका संरक्षण करना हम सभी का दायित्व है। प्रथम और द्वितीय विश्व युद्ध ने मानवता को अपार क्षति पहुँचाई थी, जिससे हमें यह सीख मिलती है कि मानवाधिकारों की रक्षा ही समाज की वास्तविक प्रगति का मार्ग है। अपने संबोधन के अंत में उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि यदि कैदियों को शिक्षा, विधिक परामर्श या किसी भी प्रकार की सहायता की आवश्यकता हो, तो हम सदैव तैयार और प्रतिबद्ध हैं। संगठन के सदस्यों में निखिल शर्मा, नवीन हरारिया, देवेंद्र शर्मा, पिंकी पाटीदार, काजल पाटीदार, आशीष सिंह देवड़ा सहित अन्य सदस्य भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में मानवाधिकारों की महत्ता, जागरूकता तथा बंदियों के पुनर्वास और कल्याण को लेकर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई।




