जल जीवन मिशन योजना से ग्राम जूनापाड़ा में घर पर ही मिल रहा है नल से जल
रतलाम- (Ratlam) जिले के ग्राम जूनापाड़ा के निवासी कभी पानी के लिए भटकते थे अब जल जीवन मिशन योजना से घर पर ही नल से जल मिल रहा है। रतलाम जिला मुख्यालय से 45 किलोमीटर की दूरी पर स्थित सिमलावदा ग्राम पंचायत के ग्राम जूनापाड़ा में जल जीवन मिशन की योजना से पूर्व पानी के लिए घर से दूर हैंडपंप, कुओं पर जाना पड़ता था और गर्मियों के समय जब जल स्तर की कमी से गांव में स्थित जलस्त्रोत बंद हो जाते थे, तब गांव के महिला, पुरुष व बच्चों को कुछ किलोमीटर दूर जाकर आस पास के क्षेत्र से पानी लाना पड़ता था।
पूरा समय पानी लाने में निकल जाता था इस समस्या को देखते हुए पीएचई विभाग रतलाम द्वारा जल जीवन मिशन अंतर्गत ग्राम जूनापाड़ा में उच्चस्तरीय पानी की टंकी बनाकर, कई किलो मीटर पाइप लाइन बिछाकर एवं हर घर को घरेलू नल कनेक्शन से जोड़कर सभी 200 से अधिक परिवारों को नलजल योजना के माध्यम से घर पर ही टोटी से शुद्ध जल मिल रहा है। नलजल योजना बनने से गांव में खुशहाली का माहौल है। पानी के लिए अब भटकना नहीं पड़ता पानी लाने में जो समय बर्बाद होता था आज उस समय का उपयोग खेती, मजदुरी, पढ़ाई व अन्य कामों में करते हैं।
गांव की 65 वर्षीय धापू पति आसाराम वसुनिया ने बताया कि पहले पानी को लेकर घणी परेशानी होती थी। घर से बहुत दूर जाकर सिर पर घड़ा बेड़ा रखकर पानी भरनो पड़तो थो। गांव के छोटे छोटे बच्चों को भी पढ़ाई लिखाई छोड़कर पानी लाने में लगना पड़ता था। जल जीवन मिशन योजना से घर पर ही नल लगने से अब सभी को पानी भरने की चिन्ता से मुक्ति मिल गई है।
गांव की 70 वर्षीय गीताबाई थावर, नानजी भूरिया ने बताया कि जीवन भर पानी के लिए भटकते रहे पर बुढ़ापे में घर बैठे पानी मिल रहा है। पीएचई विभाग के जिला जल सलाहकार आनंद व्यास ने बताया कि योजना का उचित संचालन संधारण हेतु समिति द्वारा प्रति घर प्रति माह 100 रुपए जलकर राशि भी ली जा रही है। ग्रामीणजनों ने जल जीवन मिशन योजना के क्रियान्वयन के लिए देश के प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को धन्यवाद ज्ञापित किया।




