माननखेड़ा चौकी पर ग्रामीणों ने किया शांतिपूर्ण घेराव, प्रशासन ने दी कार्रवाई का आश्वासन
देह व्यापार व अवैध शराब कारोबार पर होगी सख्त कार्रवाई, 15 दिनों में ठोस कदम उठाने का वादा
जावरा (रतलाम)।
जावरा विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत माननखेड़ा चौकी पर शुक्रवार को ग्रामवासियों एवं सामाजिक संगठनों के सदस्यों ने अपनी प्रमुख मांगों को लेकर शांतिपूर्ण घेराव किया। इस दौरान ग्रामीणों ने क्षेत्र में व्याप्त अव्यवस्थाओं और सामाजिक समस्याओं के समाधान की मांग करते हुए प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया।
प्रशासन ने मानी ग्रामीणों की मांगें
घेराव के बाद प्रशासनिक अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से चर्चा की और उनकी मांगों को गंभीरता से लिया। अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि क्षेत्र में संचालित देह व्यापार और अवैध शराब कारोबार को पूर्णतः बंद कराया जाएगा। इसके साथ ही स्थायी पुलिस चौकी की स्थापना और इस अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों पर सख्त कानूनी कार्रवाई करने का निर्णय लिया गया।
सीसीटीवी कैमरे होंगे सक्रिय, सुरक्षा होगी मजबूत
प्रशासन ने गांव की सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए यह भी बताया कि ग्राम पंचायत द्वारा लगाए गए सभी सीसीटीवी कैमरे शीघ्र सक्रिय किए जाएंगे। जहां आवश्यकता होगी, वहां नए कैमरे भी लगाए जाएंगे, ताकि संदिग्ध गतिविधियों पर नियंत्रण रखा जा सके।
15 दिनों की समय-सीमा तय, नहीं हुई कार्रवाई तो फिर होगा आंदोलन
अधिकारियों ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि उनकी सभी मांगों पर अगले 15 दिनों के भीतर ठोस कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। वहीं, प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट कहा कि यदि तय समय-सीमा में कार्रवाई नहीं होती है तो वे पुनः आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
इस दौरान पूरी कार्रवाई शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई।




