रतलाम में शोक: शिक्षाविद् गुरनाम सिंह डंग का निधन,भक्तन की बावड़ी मुक्ति धाम पर में होगा अंतिम संस्कार
ब्यूरो रिपोर्ट mpkikhabar रतलाम
रतलाम- (Ratlam) शहर के प्रतिष्ठित शिक्षाविद् एवं सामाजिक कार्यकर्ता गुरनाम सिंह डंग का मंगलवार रात निधन हो गया। वे पिछले कुछ दिनों से अस्वस्थ चल रहे थे। उनके निधन से रतलाम के सामाजिक और शैक्षणिक क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
65 वर्षीय स्व. डंग पिछले 16 वर्षों से श्री गुरु तेग बहादुर शैक्षणिक विकास समिति के अध्यक्ष के रूप में सक्रिय भूमिका निभा रहे थे। उनके नेतृत्व में समिति द्वारा संचालित शैक्षणिक संस्थानों श्री गुरु तेग बहादुर अकैडमी एवं श्री गुरु तेग बहादुर पब्लिक स्कूल ने निरंतर प्रगति की और शिक्षा के क्षेत्र में अपनी विशेष पहचान बनाई। वे मप्र-छत्तीसगढ़ केंद्रीय श्री गुरु सिंह सभा के प्रांतीय उपाध्यक्ष पद पर भी कार्यरत थे और समाज सेवा में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा है। परिवार में उनके भाई सतपाल सिंह, दो पुत्र अंकित डंग एवं अर्पित डंग तथा एक पुत्री सोनल हैं।
आज निकलेगी अंतिम यात्रा-
स्व. डंग की अंतिम यात्रा बुधवार, 8 अप्रैल को दोपहर 1 बजे बरबड़ रोड स्थित राज गार्डन के सामने उनके निवास से निकलेगी। इसके बाद भक्तन की बावड़ी स्थित मुक्तिधाम में उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
शैक्षणिक संस्थानों में अवकाश घोषित-
उनके निधन के शोक में समिति द्वारा संचालित सभी शैक्षणिक संस्थानों में बुधवार को अवकाश घोषित किया गया है। गुरनाम सिंह डंग के निधन से रतलाम ने एक समर्पित शिक्षाविद् और समाजसेवी को खो दिया है, जिनकी कमी लंबे समय तक महसूस की जाएगी।




