तत्काल ट्राई साइकिल और व्हील चेयर मिलने से आवेदकों के चेहरे खुशी से चमक उठे
रतलाम- (Ratlam) मंगलवार को जिला कलेक्ट्रेट परिसर में जनसुनवाई अपर कलेक्टर डा. शालिनी श्रीवास्तव की उपस्थिति में सम्पन्न हुई। जनसुनवाई के दौरान जिले के ग्राम नामली निवासी सुन्दर बाई पति जीवन तथा एक अन्य महिला जीवनी बाई पति मोहनलाल मुनिया ने अपर कलेक्टर को आवेदन देते हुए बताया कि प्रार्थियाएं दिव्यांग होकर चलने-फिरने में असमर्थ हैं अतः ट्राई साइकिल प्रदान की जाए।
अपर कलेक्टर द्वारा महिलाओं के आवेदन पर तत्काल सुनवाई करते हुए संबंधित अधिकारी को निर्देशित कर ट्राई साइकिल मंगवाई गई और महिलाओं को प्रदान की गई। ट्राई साइकिल मिलने पर दोनों महिलाओं के चेहरे खुशी से चमक उठे और दोनों ने मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव द्वारा चलाई जा रही जनकल्याणकारी योजनाओ के लिए उन्हें धन्यवाद ज्ञापित किया।
इसी तरह पीएनटी कालोनी निवासी कु. दिव्यांशी विनोद ने अपने आवेदन में बताया कि प्रार्थी दिव्यांग है तथा चलने फिरने में काफी कठिनाई का सामना करना पडता है। संवेदनशील अपर कलेक्टर डा. शालिनी श्रीवास्तव ने दिव्यांशी को भी तत्काल व्हील चेयर प्रदान की। व्हील चेयर पाते ही दिव्यांशी की खुशी का ठिकाना नहीं रहा और उसने प्रशासन को धन्यवाद दिया।




