रतलाम ट्रैफिक पुलिस ने मोडिफाई साइलेंसरों पर की कार्रवाई, पटाखें-बंदुक जैसी आवाज करने वाले साइलेंसर किए जप्त
ब्यूरो रिपोर्ट mpkikhabar रतलाम
रतलाम- (Ratlam) शहर में तेज आवाज वाले मोडिफाई साइलेंसर लगाकर चलने वाली बाइकों के खिलाफ ट्रैफिक पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। मोहल्लों में पटाखे और बंदूक जैसी आवाज करने वाली गाड़ियों की शिकायत मिलने के बाद ट्रैफिक अमले ने अभियान चलाते हुए 13 साइलेंसर जब्त किए और वाहन चालकों पर चालानी कार्रवाई की।
दरअसल 80 फीट रोड और आसपास की कॉलोनियों के रहवासियों ने शिकायत की थी कि कई बाइक सवार मोडिफाई साइलेंसर लगाकर तेज रफ्तार से निकलते हैं। इन साइलेंसर से पटाखे और बंदूक जैसी तेज आवाज आती है, जिससे शाम के समय घूमने वाले बच्चे, बुजुर्ग और महिलाएं घबरा जाते हैं। इसके साथ ही इनसे ध्वनि प्रदूषण भी बढ़ रहा है और दुर्घटना का खतरा बना रहता है।
शिकायत मिलने पर ट्रैफिक डीएसपी आनंद सोनी के निर्देश पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 80 फीट रोड क्षेत्र से गुजर रही 6 बाइकों से तेज आवाज वाले साइलेंसर जब्त किए। वहीं सैलाना बस स्टैंड क्षेत्र से 7 और साइलेंसर जब्त किए गए। कई गाड़ियों की नंबर प्लेट भी नियमों के विपरीत पाई गईं, जिन पर घोड़े के चिन्ह या सरनेम लिखे हुए थे।
प्रत्येक वाहन चालक पर 1000 रुपए का चालान-
ट्रैफिक डीएसपी आनंद सोनी ने बताया कि जिन गाड़ियों से ऐसे साइलेंसर जब्त किए गए हैं, उनसे यह भी जानकारी ली जा रही है कि उन्होंने वाहन मोडिफाई किस दुकान से करवाया है। संबंधित दुकानदारों पर भी शांतिभंग करने के मामले में कार्रवाई की जाएगी। सभी वाहन चालकों पर एक-एक हजार रुपए का चालान काटा गया, जिससे कुल 13 हजार रुपए की वसूली हुई।
150 से अधिक साइलेंसर होने पर चलाया जाएगा रोड रोलर-
कार्रवाई में ट्रैफिक थाना प्रभारी राजशेखर वर्मा, सूबेदार अनोखीलाल परमार सहित ट्रैफिक पुलिस का अमला शामिल रहा। ट्रैफिक पुलिस का कहना है कि यह अभियान लगातार जारी रहेगा और जब्त किए गए साइलेंसरों की संख्या 150 से अधिक होने पर उन्हें रोड रोलर से नष्ट किया जाएगा।




