रतलाम में गणतंत्र दिवस मुख्य समारोह की तैयारियों को लेकर बैठक हुई संपन्न
ब्यूरो रिपोर्ट mpkikhabar रतलाम, सीटी रिपोर्टर मोहित शर्मा।
रतलाम- (Ratlam) आगामी 26 जनवरी गणतंत्र दिवस के अवसर पर जिला मुख्यालय पर आयोजित होने वाले मुख्य समारोह की तैयारियों को लेकर बुधवार को कलेक्टर मिशा सिंह की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित बैठक में कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को विभिन्न दायित्व सौंपते हुए समय-सीमा में सभी तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए। बैठक में पुलिस अधीक्षक अमित कुमार, एडीएम डॉ. शालिनी श्रीवास्तव सहित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
कलेक्टर मिशा सिंह ने शासन के निर्देशानुसार सभी शासकीय कार्यालयों पर गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर विद्युत सज्जा करने एवं 26 जनवरी को प्रातःकाल ध्वजारोहण सुनिश्चित करने के निर्देश सभी कार्यालय प्रमुखों को दिए। उन्होंने बताया कि जिला मुख्यालय पर गणतंत्र दिवस का मुख्य कार्यक्रम पोलो ग्राउंड पर आयोजित किया जाएगा, जहां इस अवसर पर लोकतंत्र सेनानियों को सम्मानित किया जाएगा। बैठक में कलेक्टर ने परेड रिहर्सल, विद्युत व्यवस्था, साफ-सफाई, मंच सज्जा, बैठक व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक तैयारियों को लेकर संबंधित अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए। साथ ही गणतंत्र दिवस समारोह में विभिन्न विभागों द्वारा अपनी योजनाओं एवं उपलब्धियों पर आधारित झांकियां प्रदर्शित की जाएंगी। कलेक्टर ने निर्देशित किया कि सभी विभाग झांकियों की थीम का पूर्व अनुमोदन प्राप्त करें तथा झांकियां आकर्षक और विभागीय उपलब्धियों को प्रभावी रूप से प्रदर्शित करने वाली हों।
इसके अलावा कलेक्टर ने मुख्य समारोह में आयोजित होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों के संबंध में जिला शिक्षा अधिकारी एवं एसी ट्रायबल को निर्देश दिए कि सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की थीम और गणवेश गरिमामय एवं राष्ट्रीय भावना से ओत-प्रोत हों, ताकि गणतंत्र दिवस समारोह भव्य और अनुशासित रूप से संपन्न हो सके।




