मंगलवार को जनसुनवाई में 81 आवेदन प्राप्त हुए निराकरण योग्य आवेदनों पर हुई सुनवाई

"जानकारी अच्छी लगी? इसे अपने दोस्तों से साझा करें।"

मंगलवार को जनसुनवाई में 81 आवेदन प्राप्त हुए निराकरण योग्य आवेदनों पर हुई सुनवाई

ब्यूरो रिपोर्ट mpkikhabar रतलाम

रतलाम- (Ratlam) कलेक्टर कार्यालय में मंगलवार को जनसुनवाई आयोजित की गई। जनसुनवाई कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में संपन्न हुई, जिसमें कलेक्टर मिशा सिंह, सीईओ जिला पंचायत वैशाली जैन एवं एडीएम डॉ. शालिनी श्रीवास्तव ने उपस्थित रहकर आवेदकों की समस्याएं सुनीं और उनसे आवेदन प्राप्त किए। जनसुनवाई के दौरान कुल 81 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से निराकरण योग्य आवेदनों का मौके पर ही संबंधित विभागीय अधिकारियों के माध्यम से समाधान कराया गया। शेष आवेदनों के निराकरण के लिए संबंधित विभाग प्रमुखों को समय-सीमा में कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए।

जनसुनवाई में विभिन्न विषयों से जुड़े आवेदन प्रस्तुत किए गए। ग्राम बंबोरी निवासी रूगनाथ पिता फत्ता गामढ़ ने वन भूमि तालाब निर्माण में चले जाने एवं मुआवजा नहीं मिलने पर वैकल्पिक भूमि प्रदान करने की मांग की, जिस पर एसडीएम रतलाम को कार्यवाही के निर्देश दिए गए। वहीं पैलेस रोड निवासी भूपेन्द्र व्यास ने महलवाड़ा मुख्य मार्ग पर हरी घास बेचने वालों द्वारा गंदगी फैलाए जाने की शिकायत की, जिस पर नगर निगम आयुक्त को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए गए। इसके अलावा जावरा पेंशनर कार्यालय की पार्किंग की शासकीय भूमि पर अतिक्रमण हटाने के लिए जिला पेंशनर समाज द्वारा आवेदन दिया गया, जिस पर एसडीएम जावरा को निर्देशित किया गया।

इसी क्रम में ग्राम बोरदा तहसील जावरा स्थित शासन नियंत्रित देवस्थान श्रीराम जानकी मंदिर के पुजारी राधेश्याम पिता रामदास बैरागी ने 27 माह के लंबित मानदेय भुगतान की मांग रखी, जिस पर संबंधित अधिकारी को कार्यवाही के निर्देश दिए गए। वहीं ग्राम धानासुता में नल-जल योजना अंतर्गत डाली गई पाइपलाइन को आरसीसी रोड निर्माण के दौरान क्षतिग्रस्त किए जाने के मामले में ग्राम पंचायत सरपंच एवं सचिव द्वारा ठेकेदार से पाइपलाइन पुनः दुरुस्त करवाने का आवेदन प्रस्तुत किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *