रतलाम में कांग्रेस ने टैक्स बढ़ोतरी और जनविरोधी प्रस्तावों के विरोध में किया प्रदर्शन
ब्यूरो रिपोर्ट mpkikhabar रतलाम
रतलाम- (Ratlam) शहर कांग्रेस अध्यक्ष शांतिलाल वर्मा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों के साथ रैली निकाली। सुबह करीब 11 बजे शहीद चौक से शुरू हुई यह रैली नारेबाजी करते हुए नगर निगम परिसर तक पहुंची। प्रदर्शन से पहले पदाधिकारियों ने बैठक कर आंदोलन की रणनीति तय की थी। और स्पष्ट किया कि जनता के हितों के खिलाफ किसी भी प्रस्ताव को स्वीकार नहीं किया जाएगा।
प्रदर्शन को देखते हुए प्रशासन ने निगम का मुख्य गेट बंद कर बैरिकेडिंग की थी, लेकिन कार्यकर्ताओं ने विरोध जताते हुए गेट खोल दिया और बड़ी संख्या में परिसर में प्रवेश कर गए। इसके बाद सभा आयोजित कर कई कांग्रेस नेताओं ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया और प्रस्तावित नीतियों का विरोध दर्ज कराया। इस दौरान प्रदर्शन की व्यवस्था पर भी सवाल उठे। भीषण गर्मी में बांटे गए पानी के पाउच कार्यक्रम खत्म होने के बाद सड़कों और परिसर में बिखरे मिले, जिससे सफाई व्यवस्था को लेकर स्थानीय लोगों और निगमकर्मियों ने नाराजगी जताई।
कार्यक्रम के अंत में कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने नगर निगम आयुक्त अनिल भाना को ज्ञापन सौंपा। इसमें लाइसेंस शुल्क में संभावित वृद्धि का विरोध, वार्डों में सफाई व्यवस्था सुधारने की मांग, सीवरेज योजना में भ्रष्टाचार की जांच, आवारा कुत्तों की समस्या और संपत्तिकर व जलकर से जुड़े मुद्दे प्रमुख रूप से उठाए गए। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि मौजूदा परिस्थितियों में जनता पहले से ही महंगाई और मूलभूत समस्याओं से जूझ रही है, ऐसे में किसी भी प्रकार का अतिरिक्त आर्थिक बोझ स्वीकार्य नहीं होगा। पार्टी ने चेतावनी दी है कि जनविरोधी प्रस्तावों को पारित नहीं होने दिया जाएगा।




