रिंगनोद पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध की बड़ी कार्रवाई
ब्यूरो रिपोर्ट mpkikhabar रतलाम
रतलाम- (Ratlam) जिले के रिंगनोद थाना क्षेत्र के ढोढर चौकी पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने 200 ग्राम MDMA ड्रग्स कीमती 20 लाख रुपए जप्त कर एक तस्कर को गिरफ्तार किया है।
जिला पुलिस अधीक्षक अमित कुमार द्वारा जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध सख्त एवं प्रभावी कार्रवाई करने के लिए समस्त थाना एवं चौकी प्रभारियों को निर्देशित किया गया था। निर्देशों के पालन में रतलाम पुलिस द्वारा मादक पदार्थ तस्करों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रतलाम शहर राकेश खाखा एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रतलाम ग्रामीण विवेक कुमार लाल एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस जावरा संदीप मालवीय के मार्ग दर्शन में थाना प्रभारी रिंगनोद निरीक्षक आनन्द सिंह आजाद के नेतृत्व में चौकी प्रभारी उनि रघुवीर जोशी द्वारा एक महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त की गई।
सोमवार को पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि एक व्यक्ति अवैध मादक पदार्थ MDMA ड्रग्स की डिलीवरी के लिए कलालिया फन्टा ढोढर क्षेत्र में आने वाला है। सूचना की तस्दीक उपरांत एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों का पालन करते हुए पुलिस टीम द्वारा घेराबंदी की गई।
घेराबंदी के दौरान आरोपी शिवलाल पिता रामलाल मालवीय, उम्र 35 वर्ष, निवासी परवलिया को पकड़ा गया। आरोपी की विधिवत तलाशी, पहचान एवं तौल की कार्रवाई के दौरान उसके कब्जे से 200 ग्राम MDMA ड्रग्स बरामद की गई। तत्पश्चात आरोपी को विधिवत गिरफ्तार किया गया। पूछताछ के दौरान आरोपी शिवलाल ने बताया कि उक्त MDMA ड्रग्स उसे समद खान पठान, निवासी परवलिया द्वारा 2–3 दिन पूर्व दी गई थी तथा आज डिलीवरी के लिए मंगवाई गई थी। थाना रिंगनोद पर आरोपी शिवलाल मालवीय एवं फरार आरोपी समद खान पठान के विरुद्ध अपराध क्रमांक 06/ 2026, धारा 8/22, 29 एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है।




