प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पटवारी पर झूठी FIR रद्द करने को लेकर पुर्व विधायक ने एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
रतलाम- (Ratlam) रतलाम जिले के सैलाना विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस पार्टी के पूर्व विधायक हर्ष विजय गेहलोत के नेतृत्व में कांग्रेसजनों ने गुरुवार को राज्यपाल के नाम एसडीएम मनीष जैन और तहसीलदार कैलाश कन्नौज को ज्ञापन सौंपा है। ज्ञापन मे प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के खिलाफ दर्ज झूठी FIR को रद्द करने और आदिवासियों के घरों पर बुलडोजर चलाने वाले अफसरों पर कार्रवाई की मांग की गई।
ज्ञापन में बताया गया कि 27 जून 2025 को थाना मुंगावली, जिला अशोकनगर में जीतू पटवारी के खिलाफ FIR क्रमांक 0233 दर्ज की गई। आरोप है कि 25 जून को ओरछा दौरे के दौरान पटवारी ने ग्राम मुडरा के गजराज लोधी और रघुराज लोधी से मुलाकात की। दोनों ने बताया कि ग्राम सरपंच के बेटे विकास और उसके साथियों ने उनके साथ मारपीट की, मोटर साइकिल छीनी और मानव मल खिलाया। इस बातचीत का वीडियो पटवारी ने सोशल मीडिया पर डाला, जो वायरल हो गया। इसके बाद जिला प्रशासन ने आरोपियों को बचाने के लिए लोधी भाइयों पर दबाव डालकर शपथ पत्र दिलवाया कि आरोप झूठे हैं। इसी आधार पर पटवारी के खिलाफ झूठी FIR दर्ज की गई। कांग्रेसजनों ने इसे षड्यंत्र बताया है।
ज्ञापन में यह भी कहा गया कि ग्राम खिवनी में वन विभाग ने बिना सूचना आदिवासियों के घरों पर बुलडोजर चला दिया। घरों में रखा आटा, दाल, चावल तक नहीं निकालने दिया गया। इससे आदिवासी परिवारों के सामने खाने और रहने का संकट खड़ा हो गया। अब तक जिम्मेदार अफसरों पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। पूर्व विधायक गेहलोत ने कहा कि सरकार विपक्ष की आवाज दबाने के लिए दमनकारी नीति अपना रही है। कांग्रेस हमेशा न्याय और समानता के लिए लड़ती रहेगी।ज्ञापन देने से पहले कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुरानी नगर पालिका भवन पर एकत्र हुए। वहां से नारे लगाते हुए वाहन रैली के रूप में SDM कार्यालय पहुंचे। इसी दौरान नगर परिषद अध्यक्ष चेतन्य शुक्ला सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद थे।




