जिला स्तरीय परीक्षा परिणाम उन्नयन समीक्षा बैठक सम्पन्न
4/Jan/2025
ब्यूरो रिपोर्ट mpkikhabar रतलाम
रतलाम (Ratlam,mp)- जिले के शासकीय हाईस्कूल एवं हायर सेकेण्डरी प्राचार्यो की परीक्षा परिणाम उन्नयन संबंधी समीक्षा एवं आगामी कार्य योजना संबंधी जिला स्तरीय बैठक हिमालय इंटरनेशनल स्कूल धराड में संयुक्त संचालक रमा नाहटे की अध्यक्षता में शुक्रवार को सम्पन्न हुई। सहायक संचालक संजय त्रिवेदी ने जिले के सभी हाईस्कूल एवं उ.मा.वि. प्राचार्यों से विगत वर्ष के परीक्षा परिणाम की जानकारी ली एवं इस वर्ष के लिए प्राचार्यों ने परीक्षा परिणाम का क्या लक्ष्य निर्धारित किया है एवं निर्धारित लक्ष्य के लिए क्या कार्ययोजना बनाई है, की जानकारी प्राप्त की। त्रिवेदी ने परीक्षा परिणाम में आवश्यक सुधार के लिए डी एवं ई ग्रेड के विद्यार्थियों की जानकारी, पालकों के सम्पर्क नम्बर के साथ प्राचार्यों को डी और ई ग्रेड के विद्यार्थियों से सतत् सम्पर्क रखकर उनकी प्रगति की सूक्ष्म मानिटरिंग करने के लिए निर्देशित किया। साथ ही गत वर्ष के प्रश्न पत्र, महत्वपूर्ण प्रश्नों तथा शैक्षिणक सामग्री का नियमित रुप से अभ्यास करवाना सुनिश्चित करने के लिए कहा। संयुक्त संचालक रमा नाहटे ने डी एवं ई ग्रेड के विद्यार्थियों के पालकों की बैठक बुलवाकर विद्यार्थियों की प्रगति की जानकारी देने के लिए निर्देश दिए। विभाग की अन्य महत्वपूर्ण योजना अपार आई.डी. एज्युकेशन पोर्ट 3.0, समेकित छात्रवृत्ति एवं अन्य सभी योजनाओं के कार्य में प्रगति लाने के लिए निर्देशित किया। जिला शिक्षा अधिकारी अनीता सागर ने बताया कि जिले के अधिक नामांकन संख्या वाले विद्यालयों की मानिटरिंग के लिए जिला स्तर पर निरीक्षण दल गठित कर उनकी मानिटरिंग करवाई जाए।




