लू से बचाव की एडवाइजरी जारी
रतलाम- (Ratlam) भारतीय मौसम विभाग द्वारा जारी मौसमी दृष्टिकोण के अनुसार जिले में मार्च से मई 2025 का तापमान औसत तापमान से अधिक होने की संभावना है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डा.एम.एस. सागर ने बताया कि लू के प्रमुख प्रभाव सूर्य दाह (सन बर्न), ताप के कारण शारीरिक ऐठन (हीट क्रेम्प), अत्यधिक थकावट एवं शारीरिक खिंचाव (हीट एक्जाशन) तथा ताप दाह (हीट स्ट्रोक) के रुप में परिलक्षित होते हैं।
डा. सागर ने बताया कि लू से बचाव के लिए पानी, छाछ, ओआरएस का घोल या घर में बने पेय जैसे लस्सी, नींबू पानी, केरी का पना इत्यादि का सेवन कर तरोताजा रहें। यथा संभव दोपहर 12 से 3 बजे के मध्य धूप मे निकलने से बचें। धूप में निकलते समय अपना सिर ढंककर रखें, कपडे, टोपी अथवा छतरी का उपयोग करें।
धूप में निकलने से पूर्व पानी हमेशा साथ रखें, शरीर में पानी की कमी नहीं होने दें। सूती, ढीले तथा आरामदायक कपडे पहने, सिंथेटिक एवं गहरे रंग के कपडे पहनने से बचें। जानवरों को छाया में रखें और पीने का पर्याप्त पानी दे। अत्यधिक गर्मी होने की स्थिति में ठण्डे पानी से शरीर को पोछें या कई बार स्नान करें। धूप तथा गर्म हवाओं के सम्पर्क में आने के तुरन्त बाद स्नान नहीं करें। गरिष्ठ वसायुक्त ज्यादा प्रोटीन वाले भोजन तथा अल्कोहल, चाय, काफी जैसे पेय पदार्थ का उपयोग कम से कम करें।




