महलवाड़ा से पुलिस लाइन तक रैली निकालकर दिया नशा मुक्ति का संदेश

"जानकारी अच्छी लगी? इसे अपने दोस्तों से साझा करें।"

महलवाड़ा से पुलिस लाइन तक रैली निकालकर दिया नशा मुक्ति का संदेश

रतलाम- (Ratlam) बुधवार को पुलिस लाइन रतलाम पर नशे से दूरी है जरूरी अभियान का समापन समारोह आयोजित किया।महलवाड़ा से पुलिस लाइन तक रैली निकालकर नशा मुक्ति का संदेश दिया गया।

पुलिस मुख्यालय भोपाल एवं पुलिस महानिदेशक के निर्देशानुसार प्रदेश भर में नशा मुक्ति जनजागरूकता अभियान चलाया गया। यह विशेष अभियान 15 जुलाई से 30 जुलाई तक पूरे प्रदेश में एक संगठित एवं समर्पित प्रयास के रूप में चलाया गया। जिसका उद्देश्य युवाओं सहित आम नागरिकों को नशे की बुरी आदतों से दूर रहने के लिए प्रेरित करना एवं समाज में जागरूकता फैलाना था। रतलाम पुलिस द्वारा पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश खाखा के मार्ग दर्शन में संपूर्ण जिले भर में नशा मुक्ति के संबंध में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।

अभियान के समापन दिवस के अवसर पर विशाल जन जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। इस अवसर पर उपस्थित पुलिस बल, पत्रकार बंधु, विद्यार्थीगण एवं अन्य सामाजिक संगठनों के सदस्यो ने इस नशा मुक्ति रैली में सहभागिता की। रैली महलवाडा से शुरू होकर मुख्य मार्ग से होते हुए पुलिस लाइन रतलाम पहुंची। जहां पर 15 दिवसीय नशा मुक्ति अभियान नशे से दूरी है जरूरी का समापन कार्यक्रम आयोजित किया गया। समापन कार्यक्रम में पुलिस उप महानिरीक्षक महोदय रतलाम रेंज मनोज कुमार सिंह, जिलाधीश राजेश बॉथम एवं पुलिस अधीक्षक अमित कुमार द्वारा पुलिस अधिकारियों, नगर/ग्राम रक्षा समिति के सदस्यों, विभिन्न NGO के सदस्यों, विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने की शपथ दिलवाई गई। समापन कार्यक्रम के दौरान डीआईजी मनोज कुमार सिंह एवं एस पी अमित कुमार द्वारा छात्रों को नशे के दुष्प्रभावों के संबंध में जागरूक किया तथा बच्चों के मन में उठ रहे प्रश्नों के उत्तर दिए।

पुलिस महानिरीक्षक द्वारा संबोधित करते हुए कहा कि अभियान से समाज में सकारात्मक परिवर्तन की शुरुआत हुई है और युवा वर्ग निश्चित ही नशामुक्त जीवनशैली की ओर अग्रसर होगा। कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक द्वारा संबोधित करते हुए बताया गया कि जिले में अभियान के तहत जनजागरूकता की दिशा में उल्लेखनीय कार्य किया गया। जिले के स्कूलों, कॉलेजों, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन जैसे सार्वजनिक स्थलों पर विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से नशा मुक्ति का संदेश दिया गया। अभियान के दौरान बैनर, पंपलेट, रंगोली, लघु फिल्म, नुक्कड़ नाटक, मानव श्रृंखला, हस्ताक्षर अभियान तथा जनजागरूकता रैली जैसे रचनात्मक माध्यमों से लोगों को जोड़ा गया। युवाओं में इस अभियान को लेकर खासा उत्साह देखा गया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में जिले भर की शैक्षणिक संस्थानों के विद्यार्थियों तथा सामाजिक संगठनों, पत्रकार साथियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

कार्यक्रम के अंत में अभियान को सफल बनाने में विशेष भूमिका निभाने वाले पुलिस अधिकारियों एवं सामाजिक संस्थाओं को सम्मानित किया गया। अभियान के दौरान विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश खाखा, एसडीओपी रतलाम ग्रामीण किशोर पाटनवाला, नगर पुलिस अधीक्षक सत्येंद्र घनघोरिया, डीएसपी अजय सारवान, एसडीओपी सैलाना नीलम बघेल, एसडीओपी जावरा संदीप मालवीय, डीएसपी अनिशा जैन, रक्षित निरीक्षक श्री मोहन भर्रावत, निरीक्षक श्री स्वराज डाबी, निरीक्षक पार्वती गौड़, निरीक्षक अय्यूब खान, निरीक्षक गायत्री सोनी, निरीक्षक रेखा चौधरी, निरीक्षक लिलियन मालवीय, निरीक्षक नीलम चौंगड़, सूबेदार मोनिका ठाकुर, सभी पत्रकार बंधु, समस्त ऑफिस स्टाफ एवं अन्य अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *