जेसी बैंक डायरेक्टर चुनाव में यूनियन की ऐतिहासिक जीत

विजय जुलूस में उमड़ा रेलकर्मियों का जनसैलाब
ब्यूरो रिपोर्ट mpkikhabar रतलाम, सीटी रिपोर्टर मोहित शर्मा।
रतलाम- (Ratlam) जेसी बैंक डायरेक्टर चुनाव में वेस्टर्न रेलवे एम्प्लाइज यूनियन की प्रचंड और ऐतिहासिक विजय के उपलक्ष्य में 29 दिसंबर 2025 को भव्य विजय जुलूस का आयोजन किया गया। यह जुलूस वेस्टर्न रेलवे एम्प्लाइज यूनियन के बैनर तले निकाला गया, जिसमें बड़ी संख्या में रेलकर्मी एवं यूनियन पदाधिकारी शामिल हुए।
विजय जुलूस का आयोजन (AIRF) के कार्यकारी अध्यक्ष एवं वेस्टर्न रेलवे एम्प्लाइज यूनियन के महामंत्री जे. आर. भोसले की अध्यक्षता में किया गया। जुलूस का नेतृत्व मंडल अध्यक्ष हृदेश पांडे एवं मंडल मंत्री मनोहर सिंह बारठ ने किया।
जुलूस स्टेशन रोड से प्रारंभ होकर दिलबहार चौराहा, डीआरएम ऑफिस होते हुए जूनियर रेलवे इंस्टीट्यूट पहुंचकर संपन्न हुआ। मार्ग में जगह-जगह स्वागत मंडल लगाए गए, जहां साफा बांधकर उत्साहपूर्वक स्वागत किया गया। रेलकर्मियों में जीत को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला।
जूनियर रेलवे इंस्टीट्यूट में मंडल कार्यकारिणी बैठक-
विजय जुलूस के समापन के बाद जूनियर रेलवे इंस्टीट्यूट में मंडल कार्यकारिणी की बैठक आयोजित की गई। इस दौरान मंडल पदाधिकारियों, जेसी बैंक प्रत्याशियों एवं प्रचंड बहुमत से विजयी बने अर्पित जैन का पुष्पहार पहनाकर स्वागत किया गया। इस अवसर पर केंद्रीय उपाध्यक्ष सीमा कौशिक, मंडल कोषाध्यक्ष शैलेश तिवारी, अशोक तिवारी, नमिता कुमायू, हरीश चंदवानी, मंडल उपाध्यक्ष एवं जेसी बैंक के पूर्व डायरेक्टर वाजिद हुसैन खान सहित सभी शाखाओं के अध्यक्ष-सचिव, युवा एवं महिला समिति के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में रेलकर्मी उपस्थित रहे।
भोसले ने रखे कर्मचारियों से जुड़े अहम मुद्दे-
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जे. आर. भोसले जी ने वेतन आयोग के गठन, कर्मचारियों की पदोन्नति, रिस्ट्रक्चरिंग समिति सहित अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि यूनियन सदैव कर्मचारियों के अधिकारों और हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध रही है और आगे भी संघर्ष जारी रहेगा। यह आयोजन यूनियन की एकजुटता, संगठनात्मक मजबूती और कर्मचारी हितों के प्रति उसकी प्रतिबद्धता का सशक्त संदेश देने वाला रहा।




