सैलाना में चंद्र ग्रहण को लेकर मंदिरों के पट किए बंद, 3 घंटे 27 मिनट तक रहेगा ग्रहण

ब्यूरो रिपोर्ट mpkikhabar रतलाम
रतलाम- (Ratlam) जिले के सैलाना नगर सहित आस-पास के ग्रामीण क्षेत्रों में चंद्र ग्रहण को लेकर धार्मिक श्रद्धा और परंपराओं का पालन किया जा रहा है। ग्रहण लगने से पूर्व ही नगर के प्रमुख मंदिरों के पट बंद कर दिए गए।
मंदिरों में नियमित पूजा- अर्चना एवं आरती का क्रम अस्थायी रूप से रोक दिया गया है। जानकारी के अनुसार चंद्र ग्रहण की अवधि 3 घंटे 27 मिनट तक रहेगी। ग्रहण काल को शास्त्रों में विशेष महत्व दिया गया है। इस दौरान श्रद्धालु घरों में ही पूजा-पाठ, मंत्र जाप और भगवान का स्मरण कर रहे हैं। कई श्रद्धालुओं ने उपवास भी रखा है। ग्रहण समाप्ति के बाद मंदिरों में पुनः विधि- विधान से पूजा-अर्चना की जाएगी। इसके बाद मंदिरों की साफ- सफाई कर गंगाजल से शुद्धिकरण किया जाएगा तथा आरती के साथ श्रद्धालुओं के लिए पट पुनः खोले जाएंगे।
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार ग्रहण काल में भोजन बनाना और ग्रहण करना वर्जित माना जाता है। वहीं बच्चों, बुजुर्गों और रोगियों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।नगर में ग्रहण को लेकर उत्सुकता का माहौल है और लोग धार्मिक नियमों का पालन करते नजर आ रहे हैं।




