जल गंगा संवर्धन अभियान में ग्रामीणों जनों ने सहभागिता कर जल बचाने का संकल्प लिया
रतलाम- (Ratlam) जल गंगा संवर्धन अभियान अंतर्गत जिले के बाजना विकासखंड के ग्राम गड़ीकटारा में जन अभियान परिषद एवं वाग़दरा संस्था के संयुक्त तत्वाधान में जल संरक्षण एवं मृदा संरक्षण के लिए श्रमदान किया। जिसमें ग्रामीणों जनों ने सहभागिता कर जल बचाने का संकल्प लिया। ग्राम गड़ीकटारा खुर्द में मृदा और जल संरक्षण की दिशा में कृषि एवं आदिवासी स्वराज संगठन बाजना के सहयोग से नाले के किनारे स्थित खेत की मेडबंदी के लिए हलमा किया। हलमा का उद्देश्य है बारिश के मौसम से पहले जल पात्रों की सफाई करना, मेड़बंधन कर जल एवं मिट्टी को बचाना है। हलमा के कार्य में गांव के बुजुर्गों, युवाओं और महिलाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया एवं इस पहल को आगे बढ़ाने हेतु संकल्प लिया।
वागदरा की ब्लॉक सहजकर्ता रेणुका पोरवाल ने बताया कि मेडबंदी से मिट्टी का कटाव नहीं होगा और खेत भी सुरक्षित रहेंगे एवं खेत का पानी और मिट्टी खेत में रहेगी। जन अभियान परिषद के ब्लॉक समन्वयक निर्मल अमलियार द्वारा अभियान अंतर्गत जल स्रोतों के संरक्षण की आवश्यकता पर विस्तारपूर्वक प्रकाश डाला गया। माही मध्यप्रदेश इकाई के लीडर धर्मेन्द्र सिंह ने उपस्थित ग्रामीणों को जल संरक्षण की शपथ दिलवाई। इस दौरान गांव के मंदिर परिसर में नीम और करंज के पौधे रोपे गए जिससे पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया। कार्यक्रम में ग्रामीणों जनों ने एवं प्रस्फुटन समिति सदस्यों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।




