सैकड़ो बच्चों का जीवन संवार रहा है रतलाम का क्लब फूट क्लिनिक
रतलाम- (Ratlam) सिविल सर्जन डॉ. एम एस सागर ने बताया कि जिला चिकित्सालय रतलाम एवं रोटरी क्लब रतलाम डायमंड के संयुक्त तत्वाधान में विश्व क्लब फूट (बच्चों में जन्मजात विकृति के रूप में टेढ़े-मेढ़े पैर होना) दिवस मनाया गया।
राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत विभिन्न ब्लॉक के ग्रामीण क्षेत्रों में चिकित्सकों द्वारा जन्मजात विकृति के बच्चों की खोज की जाती है और इसके अंतर्गत क्लब फुट से पीड़ित बच्चों को उनकी विकृति से छुटकारा दिलाने के लिए प्रति गुरुवार जिला चिकित्सालय में क्लब फुट क्लीनिक का संचालन किया जाता है। जिला चिकित्सालय में पदस्थ अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉक्टर भरत निनामा इस कार्य को सफलता पूर्ण कर रहे हैं। जिला चिकित्सालय रतलाम में आयोजित समारोह में विशिष्ट अतिथि जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ वर्षा कुरील, सिविल सर्जन डॉ एम एस सागर, रोगी कल्याण समिति के सदस्य गोविंद काकानी एवं रोटरी क्लब रतलाम डायमंड के अध्यक्ष अश्विनी शर्मा रहे। वही अतिथियों का स्वागत मुकेश कुमार शुक्ला, अमित नागर, मिथिलेश मिश्र, राहुल श्रीवास्तव, काउंसलर बीना भूरिया, राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के सदस्य मोहन कछावा, जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक रत्नेश विजयवर्गीय, रणजीत सिंह राठौड़, एम नागवत ने किया।
डॉ वर्षा कुरील ने बताया कि जिला अस्पताल में डॉ भरत निनामा द्वारा यह पुनीत कार्य विगत 8 सालों से किया जा रहा है, इससे ग्रामीण अंचल एवं आसपास के मरीज को शहर में ही यह इलाज सुगमता से उपलब्ध हो जाता है। सिविल सर्जन डॉ एम एस सागर ने कहा शहर की सामाजिक संस्था का पुनीत कार्यों में जुड़ना विशिष्ट उपलब्धि है। सामाजिक संस्थाओं के कारण आम जन में बीमारियों को लेकर भ्रांतियां को दूर करने में भी मदद मिलती है। जिला चिकित्सालय में क्लब फुट की सर्जरी सराहनीय कार्य है।
इस अवसर पर डॉ भरत निनामा ने इस विकृति के बारे में विस्तृत रूप से बताया एवं आमजन से आह्वान किया कि आमजन तक इसे लेकर फैली भ्रांतियों को दूर करने का जन जागरण अभियान चलाया जाना चाहिए, अभी तक 250 से अधिक बच्चों को इस विकृति से मुक्त कराया जा चुका है, एवं भविष्य में भी निरंतर सामाजिक संस्थाओं के सहयोग से इसे जारी रखा जाएगा। इस कार्य में क्लब फुट क्लीनिक की पूरी टीम का विशेष सहयोग रहता है।
अश्विनी शर्मा ने कहा कि आने वाले दिनों में रोटरी क्लब ऑफ रतलाम डायमंड द्वारा चिकित्सा के क्षेत्र में जिला चिकित्सालय के साथ मिलकर क्लब फुट की होने वाली सर्जरी एवं अन्य कार्यों में पूरी शिद्दत के साथ जुटे रहेंगे। आगामी दिनों में इसे क्लब के विशेष प्रकल्प में सम्मिलित किया जाएगा। जिसका प्रचार पूरे रोटरी 3040 में किया जाएगा। समारोह को श्री गोविंद काकानी एवं डायमंड क्लब के अध्यक्ष श्री प्रदीप सिपानी ने भी संबोधित किया। डॉ भरत निनामा को उत्कृष्ट कार्य करने हेतु रोटरी क्लब ऑफ रतलाम डायमंड एवं जिला चिकित्सालय द्वारा सम्मानित किया गया। प्रतीक चिन्ह अतिथियों द्वारा प्रदान किया गया। कार्यक्रम के उपरांत उपस्थित बच्चों को विशेष उपहार प्रदान किए गए। कार्यक्रम का संचालन निखिल मिश्रा एवं आभार राहुल श्रीवास्तव ने व्यक्त किया।




