रतलाम में निजी स्कूल के छात्र ने स्कूल की तीसरी मंजिल से कूदने की घटना को लेकर आदिवासी संगठनों का प्रदर्शन

स्कूल प्रबंधन पर कार्रवाई की मांग हुई तेज
ब्यूरो रिपोर्ट mpkikhabar रतलाम
रतलाम- (Ratlam) शहर के डोंगरे नगर स्थित बोधी इंटरनेशनल स्कूल की तीसरी मंजिल से कक्षा आठवीं के छात्र के कूदने की घटना के मामले में शनिवार को आदिवासी संगठनों ने मोर्चा खोल दिया है। शुक्रवार को हुई इस गंभीर घटना को लेकर जिला पंचायत उपाध्यक्ष केशू निनामा, छात्र के परिजन और आदिवासी छात्र संगठन के सदस्य स्कूल के बाहर धरने पर बैठ गए तथा स्कूल प्रबंधन के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि खेल गतिविधि के दौरान छात्र को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए मेडल मिला था, बावजूद इसके स्कूल प्रबंधन ने मानसिक दबाव बनाते हुए उसे प्रताड़ित किया, जिसके चलते यह घटना हुई। प्रदर्शन में शामिल छात्र की दादी सहित अन्य लोगों ने मेडल दिखाकर छात्र की प्रतिभा का हवाला दिया।
प्रशासन व पुलिस मौके पर पहुँची-
स्कूल गेट पर बढ़ते विरोध की सूचना मिलते ही तहसीलदार ऋषभ ठाकुर, औद्योगिक क्षेत्र थाना प्रभारी सत्येंद्र रघुवंशी तथा पुलिस बल मौके पर पहुँच गया। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से चर्चा कर मामले को शांत करने का प्रयास किया। प्रदर्शनकारी जिला शिक्षा अधिकारी को मौके पर बुलाने और स्कूल प्रबंधन पर कठोर एक्शन लेने की मांग पर अड़े रहे।
जाँच व कार्रवाई की माँग जारी-
आदिवासी संगठनों का कहना है कि छात्र की स्थिति को देखते हुए प्रबंधन की भूमिका संदिग्ध है, इसलिए पूरी घटना की निष्पक्ष जाँच होना ज़रूरी है। जिला प्रशासन ने लोगों को आश्वस्त किया है कि मामले की जाँच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।




