जल गंगा संवर्धन अभियान बना ग्रामीणों के लिए वरदान
नदी एवं तालाब गहरीकरण के साथ ही बावड़ियों की हो रही सफाई
रतलाम- (Ratlam) मध्य प्रदेश शासन द्वारा संचालित जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत रतलाम जनपद अध्यक्षा साधना जायसवाल की पहल पर जनपद क्षेत्र के लगभग 100 से अधिक स्थानों पर नदी एवं तालाब गहरी करण, बावड़ी की सफाई एवं कुओं के रिचार्ज का कार्य मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं ग्रामीण जनों के सहयोग से किया जा रहा है। जन अभियान परिषद के कार्यकर्ताओं ने ग्राम कुआंझागर ,आलनिया, रूपा खेड़ा में ग्रामीणों से चर्चा कर योजना की जानकारी दी एवं शासन के सहयोग से किए जा रहे कार्यों में सहभागिता करने के लिए आव्हान किया।
जन अभियान परिषद के विकासखंड समन्वयक शैलेंद्र सिंह सोलंकी ने कहा कि जनपद के द्वारा किए जा रहे कार्य में परिषद की टीम के साथ ग्रामीणों का भी अधिक सहयोग मिल रहा है प्रत्येक सामाजिक कार्यकर्ता अपने-अपने ग्राम में इस अभियान को सक्रियता के साथ आगे बढ़ाएं। जनपद अध्यक्ष प्रतिनिधि सामाजिक कार्यकर्ता विशाल जायसवाल ने कहा कि वृहद स्तर पर किए जाने वाले कार्य जन सहभागिता के बिना संभव नहीं है और जन अभियान परिषद की टीम उक्त कार्य को प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव के नेतृत्व में लगातार गांव-गांव तक पहुंचा रही है, इसके लिए यह सभी धन्यवाद के पात्र है।
इस अवसर पर मेंटर आशीष यादव, राजेश सोलंकी, हरीश सिलावट, नवांकुर संस्था प्रतिनिधि जितेंद्र राव, नरेंद्र श्रेष्ठ, जितेंद्र पाटीदार, राजकुमार, सरपंच अंबाराम भूरिया, सचिव हंसराज जाट, दशरथ पाटीदार एवं नेतृत्व विकास पाठ्यक्रम के विद्यार्थी, प्रस्फुटन समिति के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।




