भारत रत्न नानाजी देशमुख की 15 वीं पुण्यतिथि पर कार्यक्रम आयोजित
28/Feb/2025
ब्यूरो रिपोर्ट mpkikhabar रतलाम
सतना (Satna,mp)- सतना जिले के चित्रकूट के डीआरआइ में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह की उपस्थिति में भारत रत्न नानाजी देशमुख की 15 वीं पुण्यतिथि का कार्यक्रम आयोजित किया गया। साथ ही नवीकृत रामदर्शन का लोकार्पण एवं पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा का अनावरण भी किया।
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि राजनीति में सर्वस्वीकृति कठिन है। राजनीतिक उद्देश्यों से भी विरोध झेलना पड़ता है। पर नानाजी का विरोध किसी ने नहीं किया और न उचित माना। राजनीति में अजातशत्रु रहे। उन्होंने दीनदयाल उपाध्याय के एकात्म मानववाद व अंत्योदय सिद्धांत को जमीन पर उतारने चित्रकूट चुना।
जब देश आजाद हुआ, नीतियां बन रही थी, तो सभी आश्चर्यचकित थे। एक भी नीति में चिर पुरातन राष्ट्र की मिट्टी की सुगंध नहीं थी। जवाहरलाल नेहरू को पश्चिम से उठाए सिद्धांतों को हिंदीकरण कर नीति बनाने का संतोष था। तब दीनदयाल ने एकात्मक मानवता का सिद्धांत प्रतिस्थापित किया।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि दस्यु प्रभावित चित्रकूट में आने में डर लगता था। वहां नानाजी के तीर्थधाम को जीवंत करने का काम किया। गांवों में स्वावलंबन का भाव जगा क्षेत्र को नई पहचान दी। पीएम मोदी ने उन्हें भारत रत्न देकर सच्चा आदर प्रकट किया।
कथावाचक मुरारी बापू ने कहा कि नानाजी ने हम सबको ग्राम दर्शन कराया। उन्होंने कहा कि श्रीराम ने भरत को रामराज्य के लिए चार बातें बताई। पहला साधू मत, दूसरा लोकमत, तीसरा राजनीतिक मत और चौथा सनातन वैदिक मत। नानाजी के जीवन में यह चारों बातें सहमति थी।