एक दिवसीय अल्पविराम कार्यक्रम आयोजित किया गया
रतलाम- (Ratlam) आनंद विभाग द्वारा रिद्धि सिद्धि एक्टेंशन कॉलोनी में जावरा निवासियों के लिए एक दिवसीय अल्पविराम कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिसमें धर्मा कोठारी द्वारा सरस्वती वंदना गाकर कार्यक्रम की शुरुआत की गई।
जिला समन्वयक एवं मास्टर ट्रेनर सीमा अग्निहोत्री ने आनंद विभाग की अवधारणा को व्यक्त करते हुए कहा कि हम जिंदगी भर बाहर की वस्तुओं से आनंद प्राप्त करने की कोशिश करते रहते हैं, जबकि जिंदगी का असली आनंद तो हमारे भीतर है। भौतिक वस्तुओं के संग्रह करने से सुख नहीं मिलता, बल्कि छोटी-छोटी खुशियों जैसे दूसरों की मदद, प्रकृति से प्रेम, स्वयं एवं समाज के प्रति जागरूक होने से सुख मिलता है। मास्टर ट्रेनर मधु परिहार ने कहा कि स्वयं में परिवर्तन की प्रक्रिया सरल नहीं है। लेकिन परिवर्तन के पश्चात जीवन सरल हो जाता है। पुष्पेंद्र सिंह सिसौदिया ने लोगों से आग्रह किया कि अपनी गलतियों को जानकर उन्हें लिखकर पानी में प्रवाहित कर दें और संकल्प लें कि वो दुबारा न हो।
मुख्य अतिथि डॉ. विद्या तिवारी ने बताया कि राज्य आनंद संस्थान के सदस्यों द्वारा किया गया कार्यक्रम सराहनीय है, ऐसे कार्यक्रम होते रहना चाहिए। विशेष अतिथि निर्मला बैरागी ने कहा कि हमें अपने क्रोध पर नियंत्रण करने के लिए अल्पविराम लेना चाहिए। समाजसेवी अनीता मालपानी ने राज्य आनंद संस्थान का आभार व्यक्त किया। आनंदम सहयोगी सुरेंद्र अग्निहोत्री ने कहा कि वैवाहिक वर्षगांठ पर किसी होटल में कार्यक्रम न रखकर लोगों के आनंद के लिए कार्यक्रम आयोजित कर राखी माहेश्वरी ने आनंद बांटकर सभी को प्रेरणा दी है। संचालन राखी माहेश्वरी द्वारा किया गया।




