त्रिवेणी मेला ग्राउंड में जानलेवा हमला करने वाले आरोपियों को पुलिस ने किया गिरफ्तार
रतलाम- (Ratlam) शहर के दीनदयाल नगर थाना अंतर्गत त्रिवेणी मेला ग्राउंड में जानलेवा हमला करने वाले आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
27 अप्रैल रविवार के दोपहर करीब 12.00 बजे दीनदयाल नगर थाना क्षेत्र में त्रिवेणी मेला ग्राउंड पर रविवार के हाट बाजार में कपड़े लेने आए फरियादी नितिन माल के साथ अज्ञात लोगों के द्वारा मोबाइल पर उसका फोटो दिखाने के बाद चाकू से जानलेवा हमला किया था। उक्त घटना पर से थाना दीनदयाल नगर पर अपराध क्रमांक 321/25 धारा 109, 3(5)BNS का अज्ञात आरोपी के विरुद्ध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
घटना की गंभीरता के दृष्टिगत रतलाम जिला पुलिस अधीक्षक अमित कुमार द्वारा जानलेवा हमला करने वाले करने वाले आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार कर वैधानिक करने के निर्देश प्रदान किए गए। अति.पुलिस अधीक्षक रतलाम राकेश खाखा व नगर पुलिस अधीक्षक रतलाम सत्येन्द्र घनघोरीया के मार्ग दर्शन में दीनदयाल नगर थाने की टीम के द्वारा घटना स्थल के आस-पास के सीसी टीवी कैमरा के फुटेज देखे गए व आरोपियों की पहचान की गई। घटना रवि पिता नाथू मुनिया 20 वर्ष मोतीनगर, सावन पिता अंबाराम निनामा 21 वर्ष मोती नगर तथा अन्य 4 नाबालिक साथियों के साथ मिलकर घटना की गई है।
15 दिन पूर्व रवि मुनिया के साथ शादी में डांस करने की बात को लेकर ईश्वर नगर में नितिन से विवाद हुआ था। इसी बात को लेकर रवि ने अपने साथियों के साथ मिलकर नितिन पर चाकू से जानलेवा हमला किया था। घटना में 6 लोगों शामिल थे। जिनमें से दो बालिक व चार नाबालिक है। सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया गया तथा घटना में प्रयुक्त चाकू जप्त कर प्रकरण में धारा 25 आर्म्स एक्ट का इजाफा किया गया है।




