रावटी पुलिस ने किया अंधे कत्ल का खुलासा

अंधविश्वास के चलते की गई थी जघन्य हत्या
ब्यूरो रिपोर्ट (mpkikhabar) रतलाम, कृष्णकांत मालवीय सैलाना।
रतलाम- (Ratlam) जिले के रावटी थाना पुलिस ने 24 घंटे में अंधे कत्ल का खुलासा किया है। रावटी थाना अंतर्गत ग्राम भीमपुरा में घटित महिला हत्या के प्रकरण का रतलाम पुलिस ने मात्र 24 घंटे के भीतर पर्दाफाश कर दिया है। अंधविश्वास के चलते की गई इस जघन्य हत्या में पुलिस ने मृतिका की जेठानी एवं उसके दोनों पुत्रों को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त हथियार व अन्य सामग्री बरामद की है।
बता दें की बीते 24 सितंबर 2025 को रावटी थाना क्षेत्र के ग्राम भीमपुरा में नानीबाई उर्फ नर्मदा बाई पति कैलाश भूरिया उम्र 48 वर्ष की हत्या कर दिए जाने की सूचना प्राप्त हुई। सूचना पर रावटी पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। प्राथमिक कार्यवाही कर फरियादी हरिराम पिता भूरजी गामड़ निवासी ग्राम भेतिया, रावटी की रिपोर्ट पर अपराध क्रमांक 455/25 धारा 103(1), 3(5) बीएनएस का पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई। घटना की गंभीरता के दृष्टिगत रतलाम जिला पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश खाखा के मार्ग दर्शन में एसडीओपी सैलाना नीलम बघेल के नेतृत्व में टीम का गठन किया गया।
वरिष्ठ अधिकारियों, एफएसएल प्रभारी अतुल मित्तल, सायबर टीम, डॉग स्क्वाड सहित पुलिस की विशेष टीम द्वारा घटना स्थल का निरीक्षण एवं साक्ष्य संकलन किया गया। जमीनी पुलिसिंग, घटना स्थल से प्राप्त भौतिक साक्ष्यों, परिजनों व संदेहियों से गहन पूछताछ एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर यह तथ्य सामने आए कि मृतिका की जेठानी धन्नाबाई पति बद्री भूरिया एवं उसके पुत्र शंकर भूरिया एवं बापु भूरिया ने अंधविश्वास वश मृतिका को ‘डाकन’ (डायन) मानकर षड्यंत्र पूर्वक उसकी हत्या की। आरोपियों ने 24 सितंबर 2025 की रात्रि मृतिका को घर में अकेला पाकर कुल्हाड़ी एवं लोहे की पाइप से वार कर हत्या कर दी तथा शव को छत से नीचे फेंक दिया।
आरोपियों के परिवार में लगातार बीमारियों के चलते हुई मृत्यु को लेकर आरोपियों ने मृतिका को जिम्मेदार ठहराया। अंधविश्वास एवं तंत्र-मंत्र की भ्रांत धारणाओं के चलते आरोपियों ने इस जघन्य कृत्य को अंजाम दिया। वही पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी एवं लोहे की पाइप, घटना में प्रयुक्त मोटर साइकिल, घटना के समय पहने गए कपड़े जप्त किए।
यह हुए गिरफ्तार आरोपी-
पुलिस ने शंकर पिता बद्री भूरिया, उम्र 36 वर्ष, निवासी ग्राम भीमपुरा। बापु पिता बद्री भूरिया, उम्र 32 वर्ष, निवासी ग्राम भीमपुरा। धन्नाबाई पति बद्री भूरिया, उम्र 55 वर्ष, निवासी ग्राम भीमपुरा को गिरफ्तार किया है।




