शहर में श्रीमद्भागवत गीता एवं तुलसी ज्ञान परीक्षा-2025 परिणाम घोषणा एवं पुरस्कार वितरण समारोह संपन्न
ब्यूरो रिपोर्ट mpkikhabar रतलाम, सीटी रिपोर्टर मोहित शर्मा।
रतलाम- (Ratlam) तुलसी पूजन दिवस के पावन अवसर पर युवा सेवा संघ, रतलाम के तत्वावधान में श्रीमद्भागवत गीता एवं तुलसी ज्ञान परीक्षा–2025 के अंतर्गत आयोजित विद्यालयीन स्तर, जिला स्तर एवं ओपन वर्ग (जिलास्तरीय) परीक्षाओं के परिणाम घोषणा एवं पुरस्कार वितरण समारोह का भव्य आयोजन मांगल्य मंदिर, धर्मक्षेत्र (JVL), रतलाम में गरिमामयी वातावरण में संपन्न हुआ।
इस अवसर पर जिले के विभिन्न विद्यालयों के छात्र–छात्राएं, ओपन वर्ग के प्रतिभागी, अभिभावक, शिक्षकगण एवं शहर के गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में मंचासीन अतिथियों में रतलाम नगर के महापौर प्रह्लाद पटेल, महर्षि संजय शिवशंकर दवे, भागवताचार्य चेतन शर्मा, जिला डाकघर अधीक्षक राजेश कुमावत, भाजपा जिला उपाध्यक्ष सोनू यादव, समाजसेवी मदन सोनी, पतंजलि राज्य प्रभारी प्रेम पुनिया, समाजसेवी एवं उद्योगपति पंकज कटारिया, पतंजलि जिला प्रभारी विशाल वर्मा सहित अनेक विशिष्ट अतिथि शामिल रहे। कार्यक्रम का संचालन रविंद्र सिंह जादौन ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन युवा सेवा संघ रतलाम के अध्यक्ष रूपेश साल्वी ने किया।
योग वेदांत सेवा समिति के अध्यक्ष प्रेम प्रकाश बाथव ने जानकारी देते हुए बताया कि संत श्री आशारामजी बापू द्वारा वर्ष 2014 में प्रारंभ किया गया तुलसी पूजन दिवस आज एक विश्वव्यापी अभियान बन चुका है, जिसका उद्देश्य समाज को स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण, भारतीय संस्कृति एवं संस्कारों से जोड़ना है।
विधिवत हुआ सामूहिक तुलसी पूजन-
इस अवसर पर महर्षि संजय शिवशंकर दवे एवं भागवताचार्य चेतन शर्मा के सान्निध्य में मंत्रोच्चार के साथ सामूहिक तुलसी पूजन संपन्न कराया गया। गीता और तुलसी भारतीय संस्कृति के स्तंभ मांगल्य मंदिर धर्मक्षेत्र की ओर से श्री महावीर सिंह रावल ने कहा कि “श्रीमद्भागवत गीता और तुलसी भारतीय संस्कृति के ऐसे स्तंभ हैं, जो मानव जीवन को सही दिशा प्रदान करते हैं।
महापौर प्रह्लाद पटेल ने अपने उद्बोधन में कहा-
“तुलसी केवल एक पौधा नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति की आत्मा है। ऐसे आयोजनों से बच्चों में नैतिक मूल्यों, पर्यावरण संरक्षण एवं राष्ट्र के प्रति सकारात्मक सोच विकसित होती है।” सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन कार्यक्रम में बाल संस्कार केंद्र के बच्चों द्वारा तुलसी माता एवं श्रीमद्भागवत गीता के महात्म्य पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दी गईं, जिन्हें उपस्थित जनसमूह ने मुक्तकंठ से सराहा।
प्रतियोगिता परिणाम विद्यार्थी वर्ग-
🔹 प्रथम – संजय बढ़तिया (उत्कृष्ट विद्यालय)
🔹 द्वितीय – मुक्ति करनानी (समता इंटरनेशनल स्कूल)
🔹 तृतीय – प्रियंशी चौहान (साईं श्री अकादमी)
ओपन वर्ग में
🔹 प्रथम – हरीश कुमार सोनी (सिवनी)
🔹 द्वितीय – वेदांती ओसवाल
🔹 तृतीय – मुस्कान बाथव
सभी विजेताओं को प्रशस्ति पत्र, स्मृति चिह्न एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।




