सैलाना के बडे कैदारेश्वर महादेव मंदिर की जलाधारी को लेकर सनातन धर्म महासभा व बजरंग दल ने सौंपा ज्ञापन
26/Mar/2025
ब्यूरो रिपोर्ट mpkikhabar रतलाम
रतलाम (Ratlam,mp)- रतलाम जिले के सैलाना नगर से लगभग 5 किलोमीटर दूर ग्राम पंचायत अडवानीया के समिप अति प्राचीन बड़े केदारेश्वर महादेव मंदिर की जलाधारी को लेकर सर्व सनातन धर्म महासभा व विश्व हिंदू परिषद बजरंग दल प्रखंड सैलाना ने अनुविभागीय अधिकारी मनीष जैन व थाना प्रभारी सुरेंद्र सिंह गड़रिया को पुलिस अधीक्षक के नाम अलग-अलग एक ज्ञापन सौंपा।
बुधवार को ज्ञापन में बताया गया कि अड़वानिया के समीप अति प्राचीन मंदिर केदारेश्वर महादेव मंदिर पर शिवलिंग के आसपास लगी लगभग 40 किलो पीतल से बनी जलधारी को उखाड़ कर ले जाने का प्रयास किया गया था। जलाधारी का पूरी तरह से जमीन से अलग नहीं होने व अधिक वजन होने के कारण अज्ञात बदमाश उसे वहीं पर छोड़ चले गए। इस तरह जलाधारी के साथ असामाजिक तत्वों द्वारा जानबूझकर छेड़छाड़ की गई है। यह कृत्य अत्यंत निंदनीय है इससे सनातन धर्म के सभी अनुयायियों की धार्मिक भावनाओं को गहरी ठेस पहुंची है। यह घटना न केवल धार्मिक आस्था को ठेस पहुंचाती है, बल्कि इससे समाज में अस्थिरता और अशांति का वातावरण उत्पन्न होने की संभावना भी बढ़ जाती है।
इस प्रकार की घटनाएं समाज में सांप्रदायिक सौहार्द और भाईचारे को नुकसान पहुंचाती हैं, जो किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है। ज्ञापन में बताया गया कि क्षेत्र में महादेव मंदिर के प्रति अटूट श्रद्धा है, एवं इस प्रकार के कृत्य से सनातनी हिंदुओं के मन को गहरी ठेस लगी है। इस घटना की तत्काल और निष्पक्ष जांच कर दोषियों को शीघ्र गिरफ्तार किया जाए व मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जाए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो, और जो भी दोषी हो उसके विरुद्ध कड़ी से कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए ताकि समाज में गलत संदेश न जाये। धार्मिक स्थलों की सुरक्षा और बढ़ाई जाये। इस दौरान सर्व सनातन धर्म महासभा व बजरंग दल के कई लोग उपस्थित थे।




