रतलाम शहर मे तेज रफ्तार का कहर, मटर से भरा मिनी ट्रक पलटा, बड़ा हादसा टला
ब्यूरो रिपोर्ट mpkikhabar रतलाम
रतलाम- (Ratlam) शहर के गीता मंदिर रोड पर गुरुवार शाम तेज रफ्तार का खतरनाक नजारा देखने को मिला। मटर से भरा एक मिनी ट्रक मोड़ लेते समय अनियंत्रित होकर पलट गया। गनीमत यह रही कि ट्रक पूरी तरह पलटने के बजाय डिवाइडर से टिक गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। हालांकि ट्रक में लदी मटर की भारी बोरियां सड़क पर गिर गईं, जिसकी चपेट में वहां से गुजर रहे दो-तीन बाइक सवार आ गए।
यह हादसा गुरुवार शाम करीब 4.30 बजे हुआ। मिनी ट्रक (क्रमांक MP-43 ZM 4556) लोकेंद्र भवन रोड से होते हुए कॉन्वेंट स्कूल तिराहे की ओर जा रहा था। जैसे ही ट्रक ने गीता मंदिर रोड की तरफ टर्न लिया, उसकी रफ्तार अधिक होने के कारण चालक संतुलन खो बैठा और ट्रक लहराते हुए पलट गया।
बाइक सवार दबे बोरियों के नीचे, मची अफरा-तफरी-
हादसे के दौरान ट्रक में भरी मटर की बोरियां सड़क के दूसरी ओर जा रहे वाहन चालकों पर जा गिरीं। अचानक हुई इस घटना से बाइक सवार संभल नहीं पाए और वाहन सहित गिर पड़े। कुछ बाइक सवार बोरियों के नीचे दब गए। मौके पर मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए दौड़कर बोरियां हटाईं और दबे हुए लोगों को बाहर निकाला। हादसे में दो से तीन लोगों को मामूली चोटें आई हैं।
चालक मौके से फरार, पुलिस तलाश में जुटी-
घटना की सूचना मिलते ही ट्रैफिक पुलिस और दो बत्ती थाना पुलिस मौके पर पहुंची। स्टेशन रोड थाना प्रभारी जितेंद्र जादौन ने बताया कि ट्रक को स्थानीय लोगों की मदद से सीधा कर सड़क से हटाया गया और यातायात सुचारू कराया गया है। ट्रक चालक हादसे के बाद मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश ट्रक नंबर के आधार पर की जा रही है। पुलिस ट्रक मालिक से भी संपर्क कर रही है।
देर रात सामने आया सीसीटीवी फुटेज-
इस पूरे हादसे का सीसीटीवी फुटेज देर रात सामने आया है, जिसमें तेज रफ्तार और लापरवाही साफ तौर पर नजर आ रही है। फुटेज देखकर हादसे की भयावहता का अंदाजा लगाया जा सकता है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार चालक की तलाश जारी है।




