एमएलसी की रिपोर्टिंग सॉफ्टवेयर आधार पर करें- सीएमएचओ
रतलाम- (Ratlam) जिला प्रशिक्षण केंद्र विरियाखेड़ी पर जिले के चिकित्सा अधिकारियों को एमएलसी, प्री-एमएलसी और पोस्टमार्टम की रिपोर्टिंग ऑनलाइन मेडलेपर सॉफ्टवेयर के माध्यम से किए जाने संबंधी प्रशिक्षण का आयोजन किया गया।
प्रशिक्षण के दौरान मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संध्या बेलसर ने जिले में सभी स्वास्थ्य संस्थानों के चिकित्सा अधिकारियों को एमएलसी, प्री-एमएलसी और पोस्टमार्टम की रिपोर्टिंग अनिवार्य रूप से सॉफ्टवेयर के माध्यम से किए जाने के लिए निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि कलेक्टर राजेश बाथम के निर्देशानुसार ऑनलाइन रिपोर्टिंग ही की जावे। सभी चिकित्सा अधिकारी अपने मुख्यालय पर निवास करते हुए आवश्यक रूप से पुलिस विभाग को एमएलसी में सहयोग प्रदान करें।
जिला चिकित्सालय के आरएमओ फोरेंसिक विशेषज्ञ डॉक्टर अभिषेक अरोरा ने चिकित्सा अधिकारियों को ऑनलाइन सॉफ्टवेयर में प्रविष्टि करने के तरीकों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। सीएमएचओ ने कहा कि धारा 376 के अपराध पीड़िता के मामलों में भी अपराध पीड़िता की सहमति के आधार पर पुरुष चिकित्सक महिला नर्सिंग ऑफिसर की उपस्थिति में एमएलसी की कार्रवाई कर सकते हैं।
उल्लेखनीय है कि 19 अप्रैल को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में जिले के चिकित्सा अधिकारियों को सॉफ्टवेयर के माध्यम से ही एमएलसी प्री एम एल सी और पोस्टमार्टम के प्रविष्टि करने के लिए निर्देशित किया गया था।




