रतलाम शहर की नवनिर्मित सड़क की डंपर वाहन ने खोली पोल, कस्तूरबा नगर में निगम की गुणवत्ता पर उठे सवाल

"जानकारी अच्छी लगी? इसे अपने दोस्तों से साझा करें।"

रतलाम शहर की नवनिर्मित सड़क की डंपर वाहन ने खोली पोल, कस्तूरबा नगर में निगम की गुणवत्ता पर उठे सवाल

ब्यूरो रिपोर्ट mpkikhabar रतलाम, सीटी रिपोर्टर मोहित शर्मा की रिपोर्ट

रतलाम- (Ratlam) शहर के कस्तूरबा नगर क्षेत्र में हाल ही में निर्मित की गई सीसी रोड ने पहली ही परीक्षा में दम तोड़ दिया। भारी वाहन के गुजरते ही सड़क का एक बड़ा हिस्सा धंस गया, जिससे नवनिर्मित सड़क की गुणवत्ता और निर्माण प्रक्रिया पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक डंपर सड़क पर मिट्टी खाली कर रहा था, तभी सड़क का किनारा अचानक धंस गया और वाहन के पिछले पहिए सड़क में धँस गए। गनीमत रही कि कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन यह घटना नगर निगम द्वारा कराए गए निर्माण कार्यों की पोल खोलने के लिए काफी है।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यह सड़क कुछ समय पहले ही बनाई गई थी और निर्माण के दौरान गुणवत्ता मानकों की अनदेखी की गई। न तो पर्याप्त बेस तैयार किया गया और न ही सड़क की भार वहन क्षमता का आकलन किया गया। परिणामस्वरूप, सामान्य निर्माण कार्य में उपयोग होने वाले वाहन भी सड़क के लिए भारी साबित हो गए।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा देश में आधुनिक तकनीक, सैटेलाइट मॉनिटरिंग और स्पेस टेक्नोलॉजी के माध्यम से सड़क निर्माण की बात कही जाती रही है, लेकिन जमीनी हकीकत इससे उलट नजर आ रही है। यदि तकनीक का सही उपयोग हुआ होता, तो इतनी नई सड़क का इस तरह धंसना सवालों के घेरे में नहीं आता।

इस घटना के बाद क्षेत्रवासियों में रोष है। लोगों का कहना है कि करदाताओं के पैसे से बनी सड़क यदि कुछ महीनों में ही जवाब दे दे, तो इसकी जिम्मेदारी तय होना चाहिए। नागरिकों ने मांग की है कि सड़क निर्माण की तकनीकी जांच कराई जाए, दोषी ठेकेदार और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई हो तथा क्षतिग्रस्त सड़क का पुनर्निर्माण कराया जाए।

फिलहाल नगर निगम की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है, लेकिन यह घटना एक बार फिर शहर में चल रहे निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर बड़ा प्रश्नचिह्न छोड़ गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *