रतलाम में 28 से 30 दिसंबर तक होगा अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद का‌ मालवा प्रांत 58 वां प्रांत अधिवेशन

"जानकारी अच्छी लगी? इसे अपने दोस्तों से साझा करें।"

रतलाम में 28 से 30 दिसंबर तक होगा अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद का‌ मालवा प्रांत 58 वां प्रांत अधिवेशन

ब्यूरो रिपोर्ट mpkikhabar रतलाम

रतलाम- (Ratlam) अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद मालवा प्रांत का 58 वां प्रांत अधिवेशन आगामी 28 से 30 दिसंबर तक रतलाम में स्थित होटल रूद्र पैलेस में आयोजित किया जाएगा। तीन दिवसीय इस अधिवेशन को लेकर छात्र, शिक्षक एवं शिक्षाविदों में विशेष उत्साह देखा जा रहा है।

प्रेसवार्ता में दी गई जानकारी-

अभाविप मालवा प्रांत के प्रांतीय सम्मेलन को लेकर गुरुवार को आयोजित प्रेसवार्ता में प्रांत मंत्री दर्शन कहार, स्वागत समिति अध्यक्ष प्रवीण सोनी एवं स्वागत समिति सचिव राजमल सूर्या ने अधिवेशन की विस्तृत जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि अधिवेशन के उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव होंगे, जबकि विशेष उपस्थिति में अभाविप के राष्ट्रीय महामंत्री डॉ. वीरेंद्र सिंह सोलंकी शामिल रहेंगे। उद्घाटन समारोह 28 दिसंबर को दोपहर 3 बजे आयोजित किया जाएगा।

सामाजिक-शैक्षिक विषयों पर होंगे विचार-

अधिवेशन के दौरान विभिन्न सत्रों में सामाजिक एवं शैक्षिक विषयों पर गहन चर्चा करते हुए प्रस्ताव प्रस्तुत किए जाएंगे।

मुख्य विषयों में शिक्षा की भारतीय संकल्पना और वर्तमान परिदृश्य, वंदेमातरम्—राष्ट्रभक्ति की अमर पुकार शामिल हैं।

इसके साथ ही समानांतर सत्रों में AI व ChatGPT, भारत का स्वबोध, संविधान परिचय जैसे समसामयिक विषयों पर भी चर्चा की जाएगी।

प्रदर्शनी का आयोजन-

प्रांत मंत्री दर्शन कहार ने बताया कि यह 58 वां प्रांत अधिवेशन ऐतिहासिक होगा। अधिवेशन में लगने वाली प्रदर्शनी का नाम जनजातीय समाज के उत्थान के लिए कार्य करने वाले मामा बालेश्वर दयाल के नाम पर रखा गया है। प्रदर्शनी में अभाविप की वर्षभर की संगठनात्मक एवं कार्यक्रमात्मक गतिविधियों के साथ-साथ प्रा. यशवंत राव केलकर, भगवान बिरसा मुंडा, संविधान लेखन, संघ शताब्दी वर्ष, वंदेमातरम् के 150 वर्ष, रतलाम की ऐतिहासिक धरोहर एवं रतलाम रेलवे के 100 वर्ष जैसे विषयों पर आधारित चित्र एवं जानकारी प्रदर्शित की जाएगी।

प्रदर्शनी का उद्घाटन 27 दिसंबर को शाम 5 बजे किया जाएगा। शोभायात्रा और खुले मंच का आयोजन अधिवेशन में कुल 11 सत्र आयोजित होंगे। इसके अलावा 29 दिसंबर को समस्त छात्र शक्ति के साथ नगर में भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी, जो कला विज्ञान महाविद्यालय से प्रारंभ होकर धान मंडी तक पहुंचेगी। इसके पश्चात खुले मंच से छात्र प्रतिनिधियों द्वारा विभिन्न शैक्षणिक एवं सामाजिक मुद्दों पर संबोधन दिया जाएगा।

नगर सज्जा और स्वागत की तैयारी-

स्वागत समिति अध्यक्ष प्रवीण सोनी एवं सचिव राजमल सूर्या ने संयुक्त रूप से बताया कि प्रांतभर से आने वाली छात्र शक्ति के स्वागत के लिए रतलाम नगर पूर्णतः तैयार और उत्साहित है। पूरे नगर को अभाविप के ध्वजों से सजाया गया है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि अभाविप का यह 58 वां प्रांत अधिवेशन भव्य, सुव्यवस्थित और ऐतिहासिक रूप से सफल होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *