रतलाम में क्रिसमस का उल्लास, चर्चों में प्रार्थना और उत्सव का माहौल

ब्यूरो रिपोर्ट mpkikhabar रतलाम
रतलाम- (Ratlam) शहर में क्रिसमस पर्व को लेकर ईसाई समाज में खासा उत्साह देखने को मिला। बुधवार देर रात जैसे ही घड़ी ने 12 का समय बताया, शहर के चर्च प्रार्थनाओं और चर्च की घंटियों की मधुर ध्वनि से गूंज उठे। सैलाना बस स्टैंड स्थित फर्स्ट चर्च और रेलवे कॉलोनी चर्च में प्रभु यीशु के जन्मोत्सव को श्रद्धा और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।
प्रभु यीशु के जन्म की खुशी में समाजजनों ने केक काटा और आतिशबाजी कर एक-दूसरे को क्रिसमस की शुभकामनाएं दीं। देर रात तक चर्च परिसर में उत्सव का माहौल बना रहा।
गुरुवार सुबह से ही चर्चों में “मैरी क्रिसमस” की शुभकामनाएं गूंजने लगीं। सुबह 9 बजे से 11 बजे तक विशेष प्रार्थना सभाओं का आयोजन किया गया। फर्स्ट चर्च में पास्टर सचिन डाबर ने विशेष आराधना कराई। प्रार्थना सभा के बाद उन्होंने समाजजनों से मुलाकात कर पर्व की बधाइयां दीं, वहीं उपस्थित लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर शुभकामनाएं प्रेषित कीं। इस अवसर पर पास्टर सचिन डाबर ने अपने संदेश में कहा कि प्रभु यीशु ने संसार को शांति, प्रेम और एकता का मार्ग दिखाया है। उनका जीवन मानवता को आपसी भाईचारे, सौहार्द और मेल-मिलाप का संदेश देता है, जिसे हर व्यक्ति को अपने जीवन में अपनाना चाहिए।
क्रिसमस पर्व के अवसर पर फर्स्ट चर्च और रेलवे कॉलोनी चर्च को आकर्षक रोशनी और सजावट से सजाया गया। फर्स्ट चर्च में प्रभु यीशु के गौशाला में जन्म की जीवंत झांकी भी सजाई गई, जो श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनी रही। शाम के समय भी चर्च में विशेष प्रार्थना कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। क्रिसमस के पावन अवसर पर शहर कांग्रेस का एक प्रतिनिधिमंडल भी चर्च पहुंचा। शहर कांग्रेस अध्यक्ष शांतिलाल वर्मा, पूर्व अध्यक्ष महेंद्र कटारिया, महामंत्री राजीव रावत, जोएब आरिफ सहित अन्य नेताओं ने पास्टर और ईसाई समाज को पर्व की शुभकामनाएं दीं।




