रतलाम रेलवे स्टेशन पर बड़ा हादसा टला, RPF जवानों की सूझबूझ से महिला यात्री की बची जान

"जानकारी अच्छी लगी? इसे अपने दोस्तों से साझा करें।"

रतलाम रेलवे स्टेशन पर बड़ा हादसा टला, RPF जवानों की सूझबूझ से महिला यात्री की बची जान

ब्यूरो रिपोर्ट mpkikhabar रतलाम, सीटी रिपोर्टर मोहित शर्मा।

रतलाम- (Ratlam) रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 4 पर बुधवार दोपहर एक बड़ा हादसा टल गया। चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश के दौरान एक महिला यात्री का पैर फिसल गया और वह ट्रेन व प्लेटफॉर्म के बीच के गैप में फंसकर घिसटने लगी। मौके पर तैनात रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के जवानों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए जान जोखिम में डालकर महिला को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। पूरी घटना स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।

यह घटना बुधवार दोपहर करीब 3.15 बजे रतलाम रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 4 पर हुई। नई दिल्ली–मुंबई सेंट्रल स्पेशल ट्रेन (04002) प्लेटफॉर्म पर खड़ी थी और फिर रवाना होने लगी। महिला यात्री एस-3 कोच में सफर कर रही थी। वह कुछ सामान लेने के लिए कोच से नीचे उतरी थी, तभी ट्रेन चल पड़ी। ट्रेन छूटती देख महिला ने दौड़कर चढ़ने की कोशिश की। आगे चल रहे दो पुरुष तो ट्रेन में चढ़ गए, लेकिन महिला का हाथ हैंडल से फिसल गया और वह ट्रेन व प्लेटफॉर्म के बीच खतरनाक गैप में लटक गई।

RPF जवानों की तत्परता

घटना को देखते ही ड्यूटी पर तैनात हेड कॉन्स्टेबल चंद्रकांत तिवारी, नरेंद्र राठौड़ और सब इंस्पेक्टर श्रद्धा ठाकुर तुरंत महिला की ओर दौड़े। चंद्रकांत तिवारी ने महिला का हाथ कोच के हैंडल से छुड़वाया। नरेंद्र राठौड़ ने पूरी ताकत लगाकर महिला को प्लेटफॉर्म की ओर खींच लिया। कुछ सेकंड की देरी होती तो महिला ट्रेन के पहियों के नीचे आ सकती थी।

ट्रेन रुकवाकर सुरक्षित चढ़ाया

महिला को सुरक्षित निकालने के बाद वह काफी घबराई हुई थी। सब इंस्पेक्टर श्रद्धा ठाकुर ने उसे संभाला और चलती ट्रेन में चढ़ने के खतरों के बारे में समझाया। इसके बाद जवानों ने गार्ड को इशारा कर ट्रेन रुकवाई और महिला को सुरक्षित उसके कोच में चढ़ाया गया।

प्रशासन की सराहना

महिला अपने परिवार के साथ यात्रा कर रही थी, लेकिन समयाभाव के कारण उसका नाम-पता दर्ज नहीं किया जा सका। आरपीएफ टीआई पी.आर. मीणा ने जवानों की त्वरित कार्रवाई और कर्तव्यनिष्ठा की सराहना की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *