सैलाना थाने पर पहुंचे जिला पुलिस अधीक्षक, थाने का किया निरीक्षण
ब्यूरो रिपोर्ट mpkikhabar रतलाम
रतलाम. (Ratlam) जिले के पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने रविवार देर रात सैलाना पुलिस थाना का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान थाना प्रभारी पिंकी आकाश सहित समस्त स्टाफ मौजूद रहा। पुलिस अधीक्षक ने थाने की सुरक्षा व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, रजिस्टर संधारण, सीसीटीवी कैमरे, शस्त्रागार, रिकॉर्ड रूम, महिला हेल्प डेस्क एवं शिकायत निवारण प्रणाली का बारीकी से परीक्षण किया। उन्होंने इस दौरान गत दिवस सैलाना में रंगदारी मामले में फरार दो आरोपितों को गिरफ्तार करने के प्रयासो में ओर अधिक तेजी लाने के निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक ने थाना स्टाफ को क्षेत्र में बढ़ती सायबर ठगी, सड़क सुरक्षा, महिला अपराधों पर त्वरित कार्रवाई और रात्रि गश्त को और मजबूत करने के निर्देश दिए। उन्होंने फरियादियों के साथ संवेदनशील व्यवहार, समयबद्ध सुनवाई और पारदर्शी जांच को प्राथमिकता देने पर भी जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने थाने की साफ-सफाई, व्यवस्था और स्टाफ की अनुशासनात्मक उपस्थिति की सराहना की। साथ ही लंबित प्रकरणों के शीघ्र निराकरण और जनता की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की बात कही।
थाना प्रभारी पिंकी आकाश ने आश्वस्त किया कि दिए गए निर्देशों का पालन करते हुए सैलाना क्षेत्र में शांति, कानून- व्यवस्था और अपराध नियंत्रण को और प्रभावी बनाया जाएगा। देर रात किए गए इस निरीक्षण को पुलिस प्रशासन की सक्रियता, सतर्कता और जनसुरक्षा के प्रति प्रतिबद्धता से जोड़ा जा रहा है।




