पर्यावरण अनापत्ति हेतु लोकसुनवाई आयोजित
उज्जैन-जावरा एक्सेस कंट्रोल्ड ग्रीनफील्ड हाईवे परियोजना (एचएएम मोड) पर चर्चा
रतलाम- (Ratlam) जनपद पंचायत सभागार, जावरा, जिला रतलाम में मध्यप्रदेश राज्य में प्रस्तावित मध्य प्रदेश राज्य में उज्जैन-जावरा एक्सेस कंट्रोल्ड ग्रीनफील्ड हाईवे (87.800 किमी) एवं उज्जैन स्पर (10.700 किमी) कनेक्टिविटी सहित का 4-लेन मार्ग (परियोजना कुल डिजाइन लंबाई – 98.500 किमी) के रूप में विकास करने (ग्रीनफील्ड हाईवे) परियोजना पर पर्यावरण स्वीकृति के लिए लोक सुनवाई का आयोजन 23 मई को एडीएम डॉ.शालिनी श्रीवास्तव एवं एसडीएम जावरा त्रिलोचन गौड की अध्यक्षता में हुआ।
यह परियोजना कुल 98.500 किमी की डिजाइन लंबाई के साथ 4-लेन पेवर्डशोल्डर सहित विकसित की जाएगी, जिसमें मुख्य मार्ग की लंबाई 87.800 किमी तथा उज्जैन स्पर की लंबाई 10.700 किमी है। लोक सुनवाई की मेजबानी मध्यप्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड क्षेत्रीय अधिकारी उज्जैन हेमंत तिवारी द्वारा की गई, साथ में परियोजना प्रस्तावक सुरेश कुमार मनवानी, दीपक शर्मा एमपीआरडीसी उपस्थित थे।
कार्यक्रम के दौरान परियोजना से संबंधित विस्तृत जानकारी साझा की गई, जिसमें पर्यावरणीय प्रभाव, समाज पर संभावित असर एवं उनके निवारण के लिए प्रस्तावित उपायों की जानकारी शामिल थी। स्थानीय नागरिकों, जनप्रतिनिधियों एवं सामाजिक संगठनों ने अपनी राय, सुझाव व चिंताएं रखीं जिन्हें ध्यानपूर्वक सुना गया और परियोजना कार्यान्वयन में समुचित रूप से सम्मिलित करने का आश्वासन दिया गया।
मध्यप्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, परियोजना की पर्यावरणीय स्वीकृति के लिए प्राप्त लोक सुनवाई की प्रतिक्रियाओं एवं पर्यावरण प्रभाव आकलन रिपोर्ट के आधार पर आगे की प्रक्रिया सुनिश्चित करेगा।




