सैलाना तहसील राजस्व विभाग की शिकायतों के निवारण में जिले में रही प्रथम स्थान पर
रतलाम- (Ratlam) जिले की सैलाना तहसील राजस्व विभाग की शिकायतों के निवारण में जिले में प्रथम स्थान पर रही है। प्रतिमाह सी.एम. हेल्पलाइन के माध्यम से दर्ज शिकायतों के निवारण में शासकीय विभागों द्वारा किए गए प्रदर्शन के आधार पर शासकीय विभागों को ग्रेड प्रदान की जाती है।
बतादें कि हाल ही में 21 जुलाई को जो ताजा रैंकिंग जारी हुई है। उसमें सैलाना तहसील राजस्व विभाग की शिकायतों में A ग्रेड हासिल करते हुए जिले की 9 तहसीलों में प्रथम स्थान पर रही। यहीं नहीं सैलाना अनुविभागीय अधिकारी मनीष जैन की अगुवाई में सैलाना अनुभाग की तीनों तहसीलों, सैलाना, बाजना एवं रावटी ने पहली बार जिले में क्रमशः प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान हासिल किया है। नवागत तहसीलदार कुलभूषण शर्मा ने इस सफलता का श्रेय अनुविभागीय अधिकारी मनीष जैन के उचित मार्ग दर्शन, सैलाना राजस्व विभाग के सभी पटवारियों के प्रयासों एवं जनता के सहयोग को दिया है।




